मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

धर्मशाला में 14 नवंबर को नशे के खिलाफ खेलों का महाकुंभ, 50 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण

सार

युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए 14 नवंबर को धर्मशाला के साई ग्राउंड में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी। माय भारत पोर्टल पर अब तक 50 से अधिक युवा पंजीकरण करवा चुके हैं।

TV Incharge

2 मिनट
धर्मशाला में 14 नवंबर को नशे के खिलाफ खेलों का महाकुंभ, 50 से अधिक युवाओं ने कराया पंजीकरण

वॉलीबॉल, कबड्डी और साइकिलिंग सहित होंगी विभिन्न खेल गतिविधियां; विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित

युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों एवं फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 14 नवंबर को धर्मशाला में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

मेरा युवा भारत (माय भारत), जिला कांगड़ा और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली यह प्रतियोगिता धर्मशाला स्थित साई ग्राउंड में आयोजित होगी। इसमें वॉलीबॉल, कबड्डी, टग ऑफ वॉर और साइकिलिंग सहित विभिन्न खेल गतिविधियां करवाई जाएंगी।

मेरा युवा भारत, कांगड़ा के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि यह अभियान प्रदेश के सभी 12 जिलों में इसी सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। जिला कांगड़ा में भी आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

माय भारत पोर्टल के माध्यम से अब तक 50 से अधिक युवाओं ने प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण करवाया है। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक अन्य युवाओं का भी स्वागत है।

ध्रुव डोगरा के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई निर्धारित आयु सीमा नहीं रखी गई है, हालांकि मंत्रालय की अधिकांश योजनाओं में 15 से 29 वर्ष तक के युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है।

प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, प्रतिभागियों को दैनिक भत्ता या अन्य आर्थिक सुविधा देने का कोई प्रावधान नहीं है। कार्यक्रम में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए संपर्क किया गया है और उनके शामिल होने की संभावना है।

डोगरा ने कहा कि माय भारत और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि हर सप्ताह युवाओं के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं।

उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की, ताकि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • नशा मुक्ति
  • खेल प्रतियोगिता
  • मेरा युवा भारत
  • स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया
  • युवा

इस खबर को शेयर करें