मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज, सीएम सुक्खू ने शिमला राम मंदिर में दर्शन कर भाजपा पर साधा निशाना

सार

अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने मंत्रिमंडल के साथ शिमला के राम मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीराम के दर्शन किए और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

3 मिनट
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सियासत तेज, सीएम सुक्खू ने शिमला राम मंदिर में दर्शन कर भाजपा पर साधा निशाना

मंत्रिमंडल के साथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री बोले- राम के नाम पर राजनीति नहीं, आस्था और भावना का सम्मान होना चाहिए

अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ शिमला स्थित राम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीराम के दर्शन किए, माथा टेका और कीर्तन में भाग लिया।

मुख्यमंत्री के साथ मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजेश धर्माणी, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और शिमला शहरी विधायक हरीश जनार्था भी मंदिर परिसर में उपस्थित रहे।

'राम के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए'

मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम के नाम पर चंदा चोरी करने वालों को भगवान सद्बुद्धि दें और सभी को अपनी भावना व नियत साफ रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनकी आस्था से जुड़े विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

'मैंने भी राम मंदिर निर्माण के लिए दिया था चंदा'

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राम मंदिर की स्थापना का कार्य चल रहा था, उस समय वह विधायक थे और उन्होंने भी मंदिर निर्माण के लिए योगदान दिया था।

उन्होंने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश में आधे दिन का अवकाश था, जबकि हिमाचल प्रदेश में उनकी सरकार ने पूरे दिन का अवकाश घोषित किया था।

सीएम सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार भगवान श्रीराम से मिली प्रेरणा के आधार पर कार्य करने का प्रयास कर रही है।

'यह केवल धन नहीं, आस्था से जुड़ा विषय है'

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने अपनी श्रद्धा और विश्वास के साथ राम मंदिर के लिए धन और आभूषण दान किए थे। ऐसे में यदि कोई अनियमितता होती है तो यह केवल पैसों का मामला नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कहा कि हिंदू संस्कृति सभी के सम्मान की सीख देती है और सच्चे राम भक्त राम के नाम पर राजनीति नहीं करते।

SIT जांच पर बोले- कानून अपना काम करेगा

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले की एसआईटी जांच को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम करेगा, लेकिन सभी की भावना और नीयत सही होनी चाहिए।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि राम मंदिर से जुड़े विषय में उनका भी योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हिंदू संस्कृति में विश्वास रखती है और सभी धर्मों का सम्मान करती है।

भाजपा के आरोपों पर किया पलटवार

हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भी भगवान श्रीराम में पूरी श्रद्धा रखते हैं और ईमानदारी के मार्ग पर चलने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने भाजपा को अपने आदर्शों पर आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि उनकी सरकार राम राज्य की भावना के अनुरूप ऐसी योजनाएं लागू कर रही है, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें