मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सर्दियों में बच्चों को निमोनिया का खतरा, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज; स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

सार

सर्दियों में छोटे बच्चों में निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने इससे बचाव और समय पर उपचार के लिए 12 नवंबर से 28 फरवरी तक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। विभाग ने अभिभावकों को बच्चों में तेज सांस चलने, पसलियां धंसने और दूध पीने में कमी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाने की सलाह दी है।

TV Incharge

2 मिनट
सर्दियों में बच्चों को निमोनिया का खतरा, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज; स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

12 नवंबर से 28 फरवरी तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान, आशा वर्कर्स घर-घर जाकर अभिभावकों को कर रहीं जागरूक; सांस तेज चलने और पसलियां धंसने पर तुरंत करवाएं जांच

सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बच्चों में निमोनिया और छाती संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने लगता है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में अधिक सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

बच्चों को निमोनिया से बचाने और बीमारी की समय पर पहचान सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 नवंबर से 28 फरवरी तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को निमोनिया के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के तहत आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियों के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आशा वर्कर्स घर-घर जाकर उन परिवारों से संपर्क कर रही हैं, जिनके घरों में छोटे बच्चे हैं।

इस दौरान अभिभावकों को निमोनिया के शुरुआती लक्षणों की जानकारी देने के साथ बच्चों में बीमारी के संकेत दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाने की सलाह दी जा रही है।

विभाग ने सर्दियों में बच्चों की विशेष देखभाल करने की अपील की है। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाएं और उनकी छाती को ठंड से सुरक्षित रखें। छोटे बच्चों के पैरों को गर्म रखने के लिए मोजे और जूते पहनाकर रखें। यदि बच्चा बीमार है तो उसे रोजाना नहलाना जरूरी नहीं है। धूप में नहलाते समय भी ध्यान रखें कि तेज हवा न चल रही हो।

बच्चों में निमोनिया के इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों को आगाह किया है कि यदि बच्चे की सांस सामान्य से तेज चल रही है, सांस लेते समय पसलियां अंदर की ओर धंस रही हैं या नाक फूल रही है, तो इसे गंभीरता से लें। इसके अलावा सांस लेने में परेशानी, असामान्य सुस्ती, चिड़चिड़ापन और दूध या खाना खाने में कमी आना भी निमोनिया के संकेत हो सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच करवाएं। समय पर निमोनिया की पहचान और उचित चिकित्सकीय उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें