मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चम्बा मेडिकल कॉलेज में 1 करोड़ से अधिक की हाई-एंड हिस्टेरोस्कोपी मशीन स्थापित, महिलाओं को मिलेगी आधुनिक सुविधा

सार

चम्बा मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान विभाग में एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हाई-एंड हिस्टेरोस्कोपी मशीन स्थापित की गई है। इससे महिलाओं को गर्भाशय संबंधी बीमारियों की आधुनिक जांच और उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी।

TV Incharge

2 मिनट
चम्बा मेडिकल कॉलेज में 1 करोड़ से अधिक की हाई-एंड हिस्टेरोस्कोपी मशीन स्थापित, महिलाओं को मिलेगी आधुनिक सुविधा

गर्भाशय संबंधी बीमारियों की जांच और उपचार में मिलेगी मदद, स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से समय और खर्च की होगी बचत

पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल चम्बा में महिला स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान विभाग में एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हाई-एंड हिस्टेरोस्कोपी मशीन स्थापित की गई है।

इस अत्याधुनिक मशीन से महिलाओं को गर्भाशय संबंधी बीमारियों की जांच और उपचार की आधुनिक सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य कम डीन डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि हिस्टेरोस्कोपी तकनीक के माध्यम से गर्भाशय के अंदरूनी हिस्से को सीधे देखकर जांच की जा सकती है। इस तकनीक की मदद से गर्भाशय में पॉलिप, फाइब्रॉइड के कुछ प्रकार, असामान्य रक्तस्राव के कारणों और अन्य समस्याओं की पहचान करने में सहायता मिलती है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार कुछ समस्याओं का उपचार भी इसी प्रक्रिया के माध्यम से किया जा सकता है। इससे बीमारी का सटीक आकलन करने और मरीज के लिए उचित उपचार योजना तैयार करने में मदद मिलती है।

स्थानीय स्तर पर मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि इस मशीन की स्थापना से चम्बा और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को आधुनिक स्त्री रोग संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मरीजों को ऐसी जांच और उपचार के लिए निजी क्लीनिकों या अन्य अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम हो सकती है। इससे समय और यात्रा पर होने वाले खर्च की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, सदर विधायक और महाविद्यालय प्रबंधन की यह पहल क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य सरकारी चिकित्सा संस्थान में मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

ये चिकित्सक रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. सोनम, डॉ. सपना, डॉ. अलीजा पॉल, डॉ. अंकिता और डॉ. तेजीन सहित एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. सलोनी सूद, डॉ. सुनील और डॉ. नीतीक्षा समेत अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें