मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने कांगड़ा पहुंची केंद्रीय टीम, नुकसान का करेगी आकलन

सार

मानसून सीजन में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेने केंद्र सरकार की छह सदस्यीय अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम कांगड़ा पहुंची। टीम ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर नुकसान, राहत और पुनर्स्थापना कार्यों की जानकारी ली।

TV Incharge

2 मिनट
आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने कांगड़ा पहुंची केंद्रीय टीम, नुकसान का करेगी आकलन

गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु के नेतृत्व में छह सदस्यीय दल पहुंचा; अधिकारियों के साथ बैठक के बाद भटियात के लिए रवाना हुई टीम

मानसून सीजन के दौरान हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालय केंद्रीय टीम सोमवार को कांगड़ा पहुंची। छह सदस्यीय टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु ने किया।

केंद्रीय टीम में जल शक्ति मंत्रालय के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र, ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामवतार मीणा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कार्यकारी अभियंता शाश्वत महापात्रा, वित्त मंत्रालय के उप निदेशक कनव दुआ और इसरो के अंतरिक्ष विभाग के वैज्ञानिक डॉ. श्री शशिवर्धन रेड्डी शामिल हैं।

अधिकारियों के साथ हुई बैठक

गगल हवाई अड्डे पहुंचने पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया। इसके बाद टीम ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मानसून के दौरान कांगड़ा जिले में हुए नुकसान, राहत कार्यों और पुनर्स्थापना कार्यों की प्रगति को लेकर जानकारी दी गई।

बैठक के बाद केंद्रीय टीम आपदा प्रभावित क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण के लिए चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के लिए रवाना हुई।

दो दिवसीय दौरे में प्रभावित क्षेत्रों का करेगी निरीक्षण

केंद्रीय टीम अपने दो दिवसीय कांगड़ा दौरे के दौरान विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी और मौके पर हुए नुकसान का जायजा लेगी। टीम प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान, राहत एवं पुनर्वास कार्यों तथा विभिन्न विभागों की ओर से किए गए नुकसान के आकलन की जानकारी भी प्राप्त करेगी।

इसके अलावा जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुए नुकसान और आवश्यक राहत उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली जाएगी। इस दौरान एसडीएम कांगड़ा अंजली गर्ग सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें