मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ ऊना में भाजपा किसान मोर्चा का प्रदर्शन, सतपाल सत्ती ने कांग्रेस सरकार को घेरा

सार

ऊना में भाजपा किसान मोर्चा ने कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ट्यूबवेल बिजली पर सेस, राजस्व दस्तावेजों की बढ़ी दरों, महंगे स्टाम्प पेपर और खाद की कथित किल्लत को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

3 मिनट
किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ ऊना में भाजपा किसान मोर्चा का प्रदर्शन, सतपाल सत्ती ने कांग्रेस सरकार को घेरा

ट्यूबवेल बिजली पर सेस, फर्द-राजस्व दस्तावेज और स्टाम्प पेपर महंगे होने पर उठाए सवाल, खाद की कथित किल्लत को लेकर भी सरकार पर निशाना

प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ शनिवार को जिला भाजपा किसान मोर्चा ने ऊना में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय स्थित एमसी पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं और किसान मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

प्रदर्शन में ऊना के विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रदर्शन के बाद भाजपा किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त ऊना के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की विभिन्न समस्याओं का समाधान करने और सरकार द्वारा लिए गए कथित किसान विरोधी फैसलों को वापस लेने की मांग उठाई गई।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सतपाल सिंह सत्ती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद किसान समेत समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार के कई फैसलों के कारण किसानों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। मैदानी क्षेत्रों में खेती के लिए ट्यूबवेल पर निर्भर किसानों को बिजली बिल पर सेस लगाए जाने से अतिरिक्त आर्थिक भार उठाना पड़ रहा है।

सत्ती ने फर्द और अन्य राजस्व दस्तावेजों की दरों में बढ़ोतरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले पांच रुपये प्रति पेज मिलने वाली फर्द के लिए अब 25 रुपये देने पड़ रहे हैं। इसी तरह स्टाम्प पेपर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के फैसलों से किसानों और आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

भाजपा विधायक ने किसानों को खाद उपलब्ध करवाने में कथित कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से उनकी फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सरकार को किसानों की इस समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए, ताकि खेती प्रभावित न हो।

सतपाल सत्ती ने ऊना के मिनी सचिवालय परिसर में धारा 163 लागू किए जाने पर भी प्रशासन को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी समस्याएं उठाना जनता का अधिकार है और सरकार को लोगों की आवाज सुननी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशभर में रैलियां और धरना-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता के मुद्दों को लेकर भाजपा का आंदोलन आने वाले समय में और तेज किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें