मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

भरमौर में ग्रीन टैक्स के नाम पर कथित अवैध वसूली से टैक्सी ऑपरेटरों में रोष, आंदोलन की चेतावनी

सार

चम्बा की टैक्सी यूनियनों ने भरमौर में ग्रीन टैक्स के नाम पर 100 और 200 रुपये की कथित अतिरिक्त पर्ची वसूली का विरोध किया है। यूनियनों ने उपायुक्त चम्बा को ज्ञापन सौंपकर वसूली पर रोक लगाने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

2 मिनट
भरमौर में ग्रीन टैक्स के नाम पर कथित अवैध वसूली से टैक्सी ऑपरेटरों में रोष, आंदोलन की चेतावनी

चम्बा की टैक्सी यूनियनों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, कहा- पासिंग के समय पहले ही जमा करते हैं 1500 रुपये ग्रीन टैक्स

जिला चम्बा के टैक्सी चालकों और ऑपरेटरों ने भरमौर में ग्रीन टैक्स के नाम पर की जा रही कथित अवैध पर्ची वसूली को लेकर गहरा रोष जताया है। इस मामले को लेकर महादेव टैक्सी मैक्सी ऑपरेटर यूनियन और शिव शक्ति टैक्सी यूनियन चम्बा ने उपायुक्त चम्बा को ज्ञापन सौंपकर समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।

यूनियन पदाधिकारियों ने उपायुक्त को बताया कि जब भी चम्बा से टैक्सियां सवारियां लेकर भरमौर जाती हैं, तो वहां उनसे ग्रीन टैक्स के नाम पर 100 और 200 रुपये की पर्चियां काटी जाती हैं। टैक्सी ऑपरेटरों का कहना है कि वे वाहनों की पासिंग के समय ही नियमानुसार 1500 रुपये का ग्रीन टैक्स सरकारी खाते में जमा करवाते हैं।

ऑपरेटरों के अनुसार, इसके बावजूद भरमौर में दोबारा ग्रीन टैक्स के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूलना उनके साथ अन्याय है और इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यूनियनों ने प्रशासन से इस मामले की जांच करवाकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

टैक्सी यूनियनों ने मांग की है कि भरमौर में ग्रीन टैक्स के नाम पर काटी जा रही इन पर्चियों पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाए और ऑपरेटरों की इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।

यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो टैक्सी ऑपरेटर अपनी रोजी-रोटी और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें