मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हरोली में 5 करोड़ से बनेगा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, मुकेश अग्निहोत्री ने किया शिलान्यास

सार

ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा में 5 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन बनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसका शिलान्यास किया। स्टेशन शुरू होने से वाहनों की फिटनेस जांच और पासिंग आधुनिक मशीनों से होगी।

TV Incharge

2 मिनट
हरोली में 5 करोड़ से बनेगा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, मुकेश अग्निहोत्री ने किया शिलान्यास

नौ महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य, एक ही स्थान पर होगी ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग की सुविधा

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को रोड़ा में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का शिलान्यास किया। इस परियोजना को नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन शुरू होने के बाद भारी, हल्के, तीनपहिया और दोपहिया वाहनों की फिटनेस जांच आधुनिक मशीनों के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए तीन टेस्टिंग लेन बनाई जाएंगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इस स्थान पर पहले ही ट्रैफिक पार्क बनाया जा चुका है, जहां ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट की सुविधा उपलब्ध है। एटीएस शुरू होने के बाद लोगों को एक ही स्थान पर ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग की सुविधा मिल सकेगी।

न्यू हरोली में विकसित होंगी कई परियोजनाएं

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को न्यू हरोली के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट और 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। इसी क्षेत्र में 3.50 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय, जिला न्यायालय, उद्योग कार्यालय, इनडोर स्टेडियम और मेला ग्राउंड बनाने की भी योजना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

पीडब्ल्यूडी और एचआरटीसी की रहेगी अहम भूमिका

ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के निर्माण में लोक निर्माण विभाग भवन, टेस्टिंग लेन, निरीक्षण क्षेत्र, कार्यालय, प्रतीक्षालय, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित करेगा। वहीं, एचआरटीसी स्टेशन के संचालन के लिए आवश्यक मशीनरी, तकनीकी उपकरण, नियंत्रण प्रणाली, सॉफ्टवेयर, सीसीटीवी और संबंधित तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, सुभद्रा चौधरी, विनोद कुमार बिट्टू, पूर्व प्रधान रोड़ा पंचायत शारदा, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा,

डीएसपी हरोली मोहन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें