मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री ने 4,967 लाभार्थियों को बांटी 20.61 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता

सार

बड़सर में आयोजित 80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,967 लाभार्थियों को 20.61 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की। इस दौरान मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को 80 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति दान करने वाले डॉ. राजेंद्र कंवर को सम्मानित किया गया।

3 मिनट
मुख्यमंत्री ने 4,967 लाभार्थियों को बांटी 20.61 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता

डॉ. राजेंद्र कंवर को 80 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को दान करने पर किया सम्मानित, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी मिला सम्मान

बड़सर, 15 अगस्त। हमीरपुर जिला के बड़सर में आयोजित 80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,967 पात्र लाभार्थियों को 20.61 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की।

विवाह सहायता योजना के तहत 1,758 लाभार्थियों को 8.98 करोड़ रुपये, जबकि शिक्षा सहायता योजना के तहत 2,788 लाभार्थियों को 7.89 करोड़ रुपये प्रदान किए गए। चिकित्सा सहायता के तहत 17 लाभार्थियों को 3.54 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई।

मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 60 लाभार्थियों को 1.49 करोड़ रुपये, जबकि मातृत्व एवं पितृत्व सहायता योजना के तहत 109 लाभार्थियों को 38.02 लाख रुपये प्रदान किए गए।

आवास निर्माण सहायता के तहत 68 लाभार्थियों को 89.77 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। दिव्यांग सहायता योजना के तहत 63 लाभार्थियों को 12 लाख रुपये, जबकि 61 एकल, परित्यक्त एवं दिव्यांग महिलाओं को 61 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। शिशु जन्म उपहार योजना के तहत 39 लाभार्थियों को 19.89 लाख रुपये वितरित किए गए।

80 करोड़ की संपत्ति दान करने वाले डॉ. राजेंद्र कंवर सम्मानित

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए 77 वर्षीय सेवानिवृत्त वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कंवर को सम्मानित किया। डॉ. कंवर ने अपनी 80 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की पूरी चल एवं अचल संपत्ति डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर को दान कर दी है।

मुख्यमंत्री ने डॉ. कंवर के इस कदम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक प्रतिबद्धता और मानव सेवा की प्रेरणादायक मिसाल बताया।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मान

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर ‘वो रुका नहीं’ गीत का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए और समारोह में उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की।

मुख्यमंत्री से ऑटोग्राफ लेने के लिए बच्चों में दिखी होड़

बड़सर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद स्कूली बच्चों में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का ऑटोग्राफ लेने की होड़ दिखाई दी। खास बात यह रही कि बच्चे मुख्यमंत्री से शर्ट की पिछली तरफ यानी पीठ पर ऑटोग्राफ लेने की जिद कर रहे थे।

पहले मुख्यमंत्री ने बच्चों से मजाकिया अंदाज में कहा कि कमीज की पिछली तरफ ऑटोग्राफ देने से उनके मम्मी-पापा नाराज हो जाएंगे। हालांकि, बच्चों के बार-बार आग्रह करने पर मुख्यमंत्री ने उनकी इच्छा पूरी करते हुए शर्ट की पीठ पर ऑटोग्राफ दिए। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Himachal Pradesh News, Barsar News, Hamirpur News, CM Sukhvinder Singh Sukhu, Financial Assistance, Himachal Welfare Schemes, BOCW Welfare Board, Dr Rajendra Kanwar, Medical College Hamirpur, Independence Day 2026, Freedom Fighters, Himachal Government, Barsar Independence Day, Sukhu Autograph

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें