राहुल गांधी से लेकर सीएम सुक्खू पर साधा निशाना, बोले- केंद्र ने हिमाचल को बजट दिया, लेकिन प्रदेश सरकार खर्च नहीं कर रही
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने शनिवार को विश्राम गृह सुजानपुर में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज विदेशी ताकतों के हाथों में खेल रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं और देश के खिलाफ बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह पुरानी आदत रही है और देश की जनता सब देख रही है।
‘प्रधानमंत्री के खिलाफ कुछ भी कर लो, फर्क नहीं पड़ेगा’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सांसद ने कहा कि उनके पोस्टर फाड़े जाएं या तस्वीरें जलाई जाएं, इससे प्रधानमंत्री को कोई फर्क नहीं पड़ता।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां को गाली देने वाले लोगों को यह समझना चाहिए कि जनता मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करती।
सड़कों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल की सड़कों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं करवा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में सड़कों और विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये का बजट दिया है, लेकिन प्रदेश सरकार उसका उपयोग नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सड़कों की खराब स्थिति को लेकर बयान देते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कई फाइलें मुख्यमंत्री कार्यालय में लंबित पड़ी हैं।
सुजानपुर-संधोल सड़क जल्द पूरी करने की मांग
अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से सुजानपुर-संधोल सड़क का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रदेश सरकार से सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस पर निशाना
पंचायती राज चुनावों का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में हुए पांच पंचायती राज चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस को आईना दिखाया है।
उन्होंने दावा किया कि जनता ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि जनता को विकास चाहिए, केवल भाषण नहीं।
भाजपा नेताओं पर मुकदमों को लेकर भी हमला
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार भाजपा नेताओं के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज करवा रही है, ताकि उनकी आवाज को दबाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार जितने मर्जी मुकदमे दर्ज करवा ले, भाजपा नेता डरने वाले नहीं हैं। जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाता रहेगा।
राहुल गांधी के एथेनॉल वीडियो पर तंज
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के एथेनॉल को लेकर जारी वीडियो पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी बोलते हैं तो कई बार हंसी के पात्र बन जाते हैं और इस बार भी ऐसा ही हुआ।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने जिस गाड़ी का वीडियो साझा किया, उस पर साफ तौर पर T20 लिखा हुआ था।
सैनिक स्कूल में डिजिटल लैब और टेनिस हॉल का लोकार्पण
इससे पहले सांसद अनुराग ठाकुर ने सैनिक स्कूल सुजानपुर में नवनिर्मित डिजिटल लैब और दो टेनिस हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन प्रदेश सरकार का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
उन्होंने लोगों से कांग्रेस की कथित भ्रामक राजनीति को पहचानने और विकास के लिए भाजपा का साथ देने की अपील की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube