जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग, बोले- समाधान नहीं हुआ तो भाजपा करेगी बड़ा जनआंदोलन
सरकाघाट के विधायक दलिप ठाकुर ने प्रदेश की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की टूटी और जर्जर सड़कें कांग्रेस सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण बन चुकी हैं।
दलिप ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से सड़कों की खराब हालत की तस्वीरें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार और लोक निर्माण मंत्री केवल प्रचार और फोटो सेशन तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि आज स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को समझ नहीं आता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।
विधायक ने कहा कि सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से मरम्मत की राह देख रही हैं। लगातार बारिश के बाद इनकी स्थिति और खराब हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, किसानों, कर्मचारियों और व्यापारियों को खराब सड़कों के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर एंबुलेंस तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। खराब सड़कें केवल आवागमन में परेशानी नहीं बल्कि दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान का भी बड़ा कारण बन रही हैं।
केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप
दलिप ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) और अन्य केंद्रीय सड़क योजनाओं के माध्यम से हिमाचल को लगातार सहायता मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन योजनाओं का श्रेय लेने में प्रदेश सरकार और लोक निर्माण मंत्री आगे रहते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सड़कों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि सड़कों की मरम्मत के लिए जारी बजट कहां खर्च हो रहा है और बारिश के बाद सड़कें इतनी जल्दी क्यों खराब हो रही हैं।
इन सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग
दलिप ठाकुर ने सरकाघाट क्षेत्र की सरकाघाट-हलत्याणा-रोपड़ी-रिस्सा, बलद्वाड़ा-टुंग-बलालड़ी-मसयाणी-चलवान, कोटलू-सड़वाल-पन्याली-चंदेश, त्रिफालघाट-बड़गांव-भटेहड़ा-ठणा-चौकी, प्लासी-उखला-बारस-महड़ी-चंदरोही और पटड़ीघाट-ज्वाली-गेहरा सहित कई सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग की।
उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर रोजाना सफर करना स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुका है।
मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
भाजपा विधायक ने चेतावनी दी कि यदि सरकाघाट सहित प्रदेश की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत शुरू नहीं की गई तो भाजपा जनता के साथ मिलकर लोक निर्माण विभाग और सरकार के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी मजबूती से उठाया जाएगा और सरकार से सड़क मरम्मत पर हुए खर्च, बजट आवंटन तथा कार्यों की प्रगति का पूरा हिसाब मांगा जाएगा।
दलिप ठाकुर ने कहा कि जनता अब घोषणाओं और प्रचार के बजाय धरातल पर काम चाहती है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी सरकार के विकास का आईना होती हैं और वर्तमान में प्रदेश की खराब सड़कें सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube