कांग्रेस की गारंटियों पर उठाए सवाल, कहा- चुनाव नजदीक आते ही नई घोषणाओं से जनता को लुभाने की कोशिश
भाजपा की बिलासपुर जिला प्रभारी रश्मि धर सूद ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दस गारंटियों का वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख सरकार अलग-अलग वर्गों को लुभाने के लिए नई-नई घोषणाएं कर रही है।
रश्मि धर सूद ने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से कभी महिलाओं, कभी किसानों, कभी युवाओं और अब मछुआरों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की कार्यप्रणाली को समझ चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार की घोषणाओं पर तंज कसते हुए कहा कि 2027 के चुनावों के लिए सरकार ने जो “गुगली” फेंकी है, वही उसके लिए बूमरैंग साबित होगी।
रश्मि धर सूद ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करने में विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
बिलासपुर जिला प्रभारी नियुक्त किए जाने पर रश्मि धर सूद ने पार्टी संगठन का आभार जताया। वह तीन दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंची हैं। अपने प्रवास के दौरान वह जिले की पहली संगठनात्मक बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से तैयारियों में जुट गई है। पार्टी का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के लिए तैयार करना है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube