मलाहत में बैल के हमले में बुजुर्ग के घायल होने के बाद प्रशासन ने चलाया विशेष अभियान
ऊना शहर में लगातार बढ़ रही आवारा पशुओं की समस्या और उनसे होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। मलाहत क्षेत्र में हाल ही में एक आवारा बैल के हमले में बुजुर्ग के गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में रोष था। लोगों की मांग पर शुक्रवार सुबह नगर निगम ने विभिन्न विभागों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया।
नगर निगम, पशुपालन विभाग और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए छह आवारा बैलों को पकड़कर बंगाणा स्थित गौशाला भेज दिया। टीम ने मलाहत, राजकीय महाविद्यालय ऊना और रेलवे लाइन के आसपास घूम रहे बेसहारा पशुओं को चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से पकड़ा।
सभी पशुओं को विशेष वाहन के माध्यम से बंगाणा स्थित गौशाला पहुंचाया गया। प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शहर में लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए भविष्य में भी नियमित अभियान चलाए जाएंगे।
गौरतलब है कि दो दिन पहले मलाहत क्षेत्र में एक आवारा बैल ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले घूम रहे बेसहारा पशुओं को हटाने की मांग तेज कर दी थी।
लोगों का कहना है कि आवारा पशु राहगीरों के लिए खतरा बनने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का भी कारण बन रहे हैं। इसके चलते शहर में इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
नगर निगम आयुक्त पृथीपाल सिंह ने बताया कि आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए आगे भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में आवारा पशु दिखाई दें तो इसकी सूचना नगर निगम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube