नाहन में विधायक अजय सोलंकी ने केंद्र पर साधा निशाना, धमेंद्र धामी बोले- 2027 में कांग्रेस फिर बनाएगी सरकार
कांग्रेस के स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने केंद्र की मोदी सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। नाहन के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अजय सोलंकी ने कहा कि केंद्र की ओर से प्रदेश को मिलने वाली RDG समेत अन्य योजनाओं के बजट में कटौती की गई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आर्थिक चुनौतियों के बावजूद विकास की गति को बनाए रखते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान भारी आपदाएं आईं, जिनमें हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि आपदाओं के कारण हजारों लोग बेघर हुए और सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा। अजय सोलंकी ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को अपेक्षित आर्थिक मदद नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंचे थे और उन्होंने 1500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी।
अजय सोलंकी का आरोप है कि घोषणा के बावजूद अब तक हिमाचल प्रदेश को राहत पैकेज या घोषित राशि में से एक रुपया भी नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और प्रदेश को विकास के मामले में पीछे धकेलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला सिरमौर कांग्रेस प्रभारी धमेंद्र धामी ने भी मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पिछले चार वर्षों में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।
इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान की शुरुआत जिला सिरमौर से की गई है।
धमेंद्र धामी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेंगे और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने इस अभियान के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की बात कही।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube