म्यूजिकल चेयर में बबली और मटका फोड़ में अंबरा देवी रहीं विजेता, देव नृत्य ने बांधा समां
आठ दिवसीय पडोह मेले का चौथा दिन बेहद रोचक और प्रेरणादायक रहा। मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिला मंडल की महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए साबित किया कि महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनोरंजक खेल मुकाबलों ने मेले की रौनक बढ़ाई और उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया।
मेले में आयोजित म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने उपस्थित जनसमूह को खूब हंसाया और रोमांचित किया। फाइनल मुकाबले में सयोग पंचायत के गांव सौझा की बबली ने बाजी मारी। वहीं, मटका फोड़ प्रतियोगिता में न्यूल की अंबरा देवी ने सटीक निशाना लगाते हुए जीत हासिल की।
महिलाओं की एकता और सामूहिक शक्ति को परखने के उद्देश्य से रस्साकस्सी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें छह महिला मंडलों की 108 महिलाओं ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में विकास महिला मंडल सराड़ा पडोह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। महिलाओं के प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ खूब सराहना की।
विजेता महिला मंडल की हौसला अफजाई करते हुए पडोह के पूर्व पंचायत सदस्य गोपाल ठाकुर उर्फ पालू ने 1100 रुपये तथा पडोह पंचायत के वर्तमान उपप्रधान रोहित वर्मा ने भी 1100 रुपये की नकद राशि भेंट की।
मेले के दौरान आयोजित देव नृत्य ने भी लोगों का खूब ध्यान आकर्षित किया। मेला मैदान में महिला और पुरुषों ने मिलकर हिमाचली संस्कृति और देव नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। देव नृत्य की प्रस्तुति ने लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया और मेले के माहौल को और भी यादगार बना दिया।
दी जनता सहकारी सभा पडोह की सचिव चम्पा ठाकुर मेले की मुख्यातिथि रहीं। मेला कमेटी की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया और साल की टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में चम्पा ठाकुर ने कहा कि मेले हमारी पहचान बन चुके हैं और भाईचारे तथा आपसी समन्वय के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि मेलों में होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियां और खेल प्रतियोगिताएं महिलाओं में नए उत्साह का संचार करती हैं।
चम्पा ठाकुर ने मेले की सफलता की कामना करते हुए मेला कमेटी को बधाई दी और आयोजन के लिए 15 हजार रुपये की नकद राशि भेंट की। धन्यवाद प्रस्ताव में पंचायत उपप्रधान फते राम ने कहा कि दो दिनों तक चली महिलाओं की विभिन्न गतिविधियों से मेले में रौनक बनी रही और ये गतिविधियां अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का माध्यम बनीं।
मेले में पंचायत प्रधान नरेंद्र शर्मा, पडोह पंचायत के उपप्रधान रोहित वर्मा, समाजसेवी किशोरी लाल ठाकुर, गोपाल ठाकुर सहित सयोग पंचायत के समस्त पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube