रुक्मणी कुंड में पूजा-अर्चना से होगा शुभारंभ, मैराथन, शोभायात्रा, खेल प्रतियोगिताएं, हेल्थ कैंप और रोजगार मेले का होगा आयोजन
जिला स्तरीय सीर उत्सव इस वर्ष 2 और 3 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। उत्सव के आयोजन को लेकर बुधवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय घुमारवीं में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने की।
राजेश धर्माणी ने कहा कि सीर उत्सव के माध्यम से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव का मुख्य संदेश लैंगिक समानता और नशे के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता पर केंद्रित रहेगा। इसके साथ पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सीर उत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। क्षेत्र के प्रतिभाशाली लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि उनकी उपलब्धियों से अन्य लोगों को प्रेरणा मिल सके।
राजेश धर्माणी ने कहा कि उत्सव में ग्रामीण खेलों को विशेष महत्व दिया गया है। इस वर्ष पहली बार महिला मंडलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कबड्डी, हैंडबॉल, रस्साकशी, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़ और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सीर उत्सव की शुरुआत रुक्मणी कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगी। रुक्मणी कुंड क्षेत्र की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और सामाजिक कल्याण के लिए किए गए त्याग एवं बलिदान की स्मृति से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष रुक्मणी कुंड के पानी को औहर के पास फोरलेन तक ग्रेविटी के माध्यम से पहुंचाकर यूवी फिल्टर प्याऊ स्थापित किया गया था। इससे हजारों लोगों को लाभ मिल रहा है।
2 अक्टूबर को होगी मैराथन
सीर उत्सव के पहले दिन 2 अक्टूबर को सुबह 6 बजे मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न आयु वर्गों के महिला, पुरुष, युवाओं और बच्चों के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अधिक से अधिक लोगों से मैराथन सहित अन्य खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
शोभायात्रा, मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर
सीर उत्सव के दौरान घुमारवीं में भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इसके साथ मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
इस वर्ष पहली बार सीर उत्सव में रोजगार मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न बड़ी कंपनियों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा सकें।
भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मंच
राजेश धर्माणी ने बताया कि उत्सव की पहली संध्या भजन संध्या के रूप में आयोजित की जाएगी। इसमें स्टार कलाकार के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। दूसरे दिन भी स्थानीय और प्रदेश के पहाड़ी कलाकार प्रस्तुतियां देंगे तथा एक स्टार कलाकार मुख्य आकर्षण रहेगा।
उन्होंने कहा कि सीर उत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक जागरूकता, लोक संस्कृति, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का अवसर भी है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से सीर उत्सव में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन सीर उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने किया। बैठक में समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube