MY Bharat सोलन ने SHEDS College में शुरू किया अभियान, महापौर सुषमा शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान
MY Bharat सोलन द्वारा SHEDS College, सोलन में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” संकल्प अभियान के अंतर्गत 100 सप्ताह लंबे जागरूकता एवं जनभागीदारी अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सोलन की महापौर श्रीमती सुषमा शर्मा उपस्थित रहीं। वहीं, SHEDS College की प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम में MMU के मनोचिकित्सा विभाग की विशेषज्ञ डॉ. भावना ने संसाधन व्यक्ति के रूप में युवाओं को नशे की लत के मानसिक और सामाजिक प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाव के उपायों से भी अवगत कराया।
मुख्य अतिथि सुषमा शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ अपने साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के अभियान से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर युवाओं को “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” के संकल्प से जोड़ा गया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। आगामी 100 सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
MY Bharat सोलन द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सामाजिक भागीदारी की भावना को मजबूत करना है। अभियान के तहत आने वाले सप्ताहों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube