9 से 18 सितंबर तक चलेगा राज्य स्तरीय जल साहसिक अभियान, हिमाचल समेत चार राज्यों के कैडेट्स को मिलेगा साहसिक गतिविधियों और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में गोबिंद सागर की लहरों पर नेवल एनसीसी कैडेट्स का जज्बा देखने को मिलेगा। 1 एचपी यूनिट एनसीसी नेवल विंग बिलासपुर की ओर से 9 से 18 सितंबर तक राज्य स्तरीय जल साहसिक अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान को ‘संकल्प’ नाम दिया गया है।
अभियान में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से कुल 70 नेवल एनसीसी कैडेट्स हिस्सा लेंगे। बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कमांडिंग ऑफिसर सजन कुमार ने अभियान की तैयारियों और गतिविधियों की जानकारी दी।
छह बेस कैंप किए जाएंगे स्थापित
कमांडिंग ऑफिसर सजन कुमार ने बताया कि अभियान के लिए कुल छह बेस कैंप स्थापित किए जाएंगे। 9 सितंबर को एम्स बिलासपुर के निदेशक अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जबकि 18 सितंबर को अभियान का समापन एक मंत्री द्वारा किया जाएगा।
अभियान के दौरान नेवल एनसीसी कैडेट्स बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जिलों के विभिन्न जलमार्गों से गुजरेंगे। इस दौरान उन्हें जल आधारित साहसिक गतिविधियों, टीमवर्क और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तीन बोट्स से जलमार्गों पर अभियान
‘संकल्प’ अभियान में तीन बोट्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इन्हें हवा और चप्पू की सहायता से संचालित किया जाएगा। इसके अलावा डीके व्हीलर बोट का भी उपयोग किया जाएगा।
अभियान की खास बात यह होगी कि तीन बोट्स में से एक का संचालन पूरी तरह महिला कैडेट्स करेंगी। इसके जरिए महिला सशक्तिकरण और साहसिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की मिलेगी ट्रेनिंग
एनसीसी अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य युवाओं में जल आधारित साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि पैदा करने के साथ-साथ विपरीत परिस्थितियों में संयम, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।
अभियान के दौरान सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव से जुड़े पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। 9 सितंबर को एक विशेष कार्यशाला का आयोजन कर लोगों को जल सुरक्षा और बचाव से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मेजर जनरल चौहान और परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार रहेंगे मौजूद
राज्य स्तरीय इस आयोजन में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मेजर जनरल चौहान भी शामिल होंगे। वह एक दिन कैडेट्स के साथ सेलिंग में हिस्सा लेंगे। वहीं परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार भी कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।
एनसीसी अधिकारियों का मानना है कि सैन्य अधिकारियों और वीर सैनिकों का मार्गदर्शन कैडेट्स में देशभक्ति, अनुशासन और साहस की भावना को और मजबूत करेगा।
युवाओं में नेतृत्व और साहस विकसित करना उद्देश्य
कमांडिंग ऑफिसर सजन कुमार ने कहा कि ‘संकल्प’ अभियान युवाओं को केवल साहसिक गतिविधियों से जोड़ने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन्हें जल में आने वाली आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी तैयार करेगा।
चार राज्यों के कैडेट्स की भागीदारी वाला यह आयोजन हिमाचल प्रदेश में नेवल एनसीसी के लिए महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय कार्यक्रम साबित होगा। अभियान के माध्यम से युवाओं को साहस, अनुशासन, नेतृत्व और टीमवर्क का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube