चेतना संस्था, कृष्णा उत्कर्ष संस्थान और वर्ल्ड कैंसर केयर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन, विधायक जीत राम कटवाल रहे मुख्य अतिथि
विजयपुर स्थित चेतना संस्था में सोमवार को नि:शुल्क कैंसर जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 352 लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीत राम कटवाल शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर का आयोजन चेतना संस्था, कृष्णा उत्कर्ष संस्थान और वर्ल्ड कैंसर केयर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। चेतना संस्था के सचिव हरीश नड्डा ने शिविर के आयोजन और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा शिविर में पहुंचे लोगों का मार्गदर्शन किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिविर में शुगर और रक्तचाप की जांच के साथ पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर के लिए PSA टेस्ट, महिलाओं और पुरुषों में मुंह एवं रक्त कैंसर की जांच की।
महिलाओं के लिए मैमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर की जांच भी की गई। इसके अलावा आंखों की जांच के साथ अस्थि रोग, स्त्री रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग, शिशु रोग और सामान्य रोगों से संबंधित विशेषज्ञों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
विधायक जीत राम कटवाल ने कहा कि बीमारी की समय रहते पहचान और उपचार से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं। उन्होंने शिविर के आयोजन के लिए सभी संस्थाओं की सराहना की।
चेतना संस्था के सचिव हरीश नड्डा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य जागरूकता को पहुंचाना है। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान कुल 352 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। इस अवसर पर चेतना संस्था, कृष्णा उत्कर्ष संस्थान और वर्ल्ड कैंसर केयर के प्रतिनिधियों के अलावा स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube