चंगर पंचायत में विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कही बात
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में बीपीएल परिवारों के चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से विधायक विवेक शर्मा का पंचायत स्तर पर सीधा संवाद अभियान जारी है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों के साथ चंगर ग्राम पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीपीएल परिवारों और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बीपीएल पात्रता से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि बीपीएल सूची में केवल पात्र परिवारों को शामिल किया जाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि वास्तविक जरूरतमंद लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीपीएल चयन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या संदेह होने पर संबंधित अधिकारियों से पूरी जानकारी प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तभी संभव है, जब पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ-साथ लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित हो। विधायक ने ग्रामीणों की ओर से उठाई गई समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में आवश्यक जानकारी भी साझा की।
चंगर पंचायत के बाद विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्र के अन्य गांवों का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही परेशानियों की जानकारी ली। विधायक के दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube