5-डे बैंकिंग, PLI में समानता और पुरानी पेंशन बहाली की मांग, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया। हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं।
हमीरपुर जिला मुख्यालय में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले बैंक कर्मचारियों ने PNB सर्किल कार्यालय हमीरपुर के बाहर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों का समाधान न होने पर राष्ट्रीयकृत बैंक प्रबंधन तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एक दिवसीय हड़ताल के चलते बैंक शाखाओं में पूरे दिन नियमित कामकाज प्रभावित रहा, जिससे बैंकिंग कार्य के लिए पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले आयोजित इस हड़ताल में विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव में समानता और नई भर्ती किए गए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार और बैंक प्रबंधन के समक्ष पक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।
यूनियन के सर्कल सचिव अजय कतना ने कहा कि वर्ष 2012 से यूनियन लगातार बैंकों में फाइव-डे बैंकिंग सिस्टम लागू करने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि कई बार इस मांग को लेकर सहमति बनने की बात सामने आई, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बैंक कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है, जिसे कर्मचारी सहन नहीं करेंगे।
अजय कतना ने परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव को लेकर भी कर्मचारियों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बैंक के प्रदर्शन और लाभ के आधार पर कर्मचारियों को 5 से 15 दिनों तक का इंसेंटिव दिया जाना चाहिए। यूनियन की मांग है कि बैंकिंग क्षेत्र में फील्ड पर काम करने वाले सभी कर्मचारियों के लिए इंसेंटिव व्यवस्था में समानता सुनिश्चित की जाए।
बैंक कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो 28, 29 और 30 सितंबर को दोबारा हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से देशभर में बैंकों की तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube