मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में 2027 चुनाव की तैयारी में AAP, सभी 68 सीटों पर लड़ेगी चुनाव; मनीष सिसोदिया करेंगे विधानसभा घेराव की अगुवाई

सार

हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान सरकार का घेराव भी करेगी, जिसकी अगुवाई दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया करेंगे। AAP प्रवक्ता राकेश आजटा ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी न करने और भाजपा पर स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को लेकर सवाल उठाए।

TV Incharge

3 मिनट
हिमाचल में 2027 चुनाव की तैयारी में AAP, सभी 68 सीटों पर लड़ेगी चुनाव; मनीष सिसोदिया करेंगे विधानसभा घेराव की अगुवाई

AAP प्रवक्ता राकेश आजटा ने सुक्खू सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी न करने का लगाया आरोप, भाजपा के ट्रिपल इंजन शासन और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर भी साधा निशाना

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

वहीं, कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए AAP धर्मशाला में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन की अगुवाई दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया करेंगे।

शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान AAP प्रवक्ता राकेश आजटा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी पिछले काफी समय से सरकार को चुनावी वादे पूरे करने का मौका दे रही थी, लेकिन अब जनता को दिए गए वादों का जवाब मांगने का समय आ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले कई गारंटियां दी थीं, लेकिन सरकार बनने के बाद उन पर अमल नहीं किया गया।

2027 चुनाव में सभी 68 सीटों पर उतरेगी AAP

राकेश आजटा ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 68 सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों के शासन से निराश है और हिमाचल में तीसरे विकल्प की तलाश कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बारी-बारी से कांग्रेस और भाजपा की सरकारें बनने का सिलसिला बदलना चाहिए। AAP जनता के सामने काम की राजनीति का विकल्प लेकर जाएगी।

कांग्रेस सरकार की गारंटियों पर उठाए सवाल

AAP प्रवक्ता ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाते हुए महिलाओं को 1500 रुपये देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, युवाओं को रोजगार और 680 करोड़ रुपये के स्टार्टअप फंड जैसे वादों पर सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की शर्तें सीमित कर दी गई हैं, जबकि मुफ्त बिजली और रोजगार के वादे भी पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और सरकार अपने वादों से पीछे हट रही है।

किसानों-बागवानों के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा

राकेश आजटा ने किसानों और बागवानों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दूध और गोबर खरीदने से लेकर फसलों के समर्थन मूल्य तक के वादों को अधूरा बताते हुए कहा कि प्रदेश का किसान और बागवान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

भाजपा के ट्रिपल इंजन शासन और स्मार्ट सिटी पर निशाना

AAP प्रवक्ता ने भाजपा को भी निशाने पर लिया। उन्होंने शिमला में भाजपा के ट्रिपल इंजन शासन पर सवाल उठाते हुए स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अधूरी पार्किंग और अनुपयोगी पुलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि करोड़ों रुपये के गमले लगाए गए, लेकिन उनमें फूल तक नजर नहीं आए।

नए जिलों के गठन पर भी रखी पार्टी की राय

प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर राकेश आजटा ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनसुविधाओं के विस्तार के पक्ष में है, लेकिन नए जिले बनाने से पहले मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने शिमला जिले को विभाजित करने की आवश्यकता से भी इनकार किया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें