मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नगर निगम में भाजपा ने जनता को ठगा, 5 साल में विकास शून्य : विक्रमादित्य सिंह

सार

पुरानी मंडी जनसभा में भाजपा पर जमकर बरसे कांग्रेस नेता

2 मिनट
नगर निगम में भाजपा ने जनता को ठगा, 5 साल में विकास शून्य : विक्रमादित्य सिंह

मंडी। नगर निगम मंडी चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मंगलवार देर शाम पुरानी मंडी वार्ड में आयोजित जनसभा में नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं मंत्रिमंडल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा नगर निगम में जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल रही है और शहर का विकास ठप पड़ा रहा।

जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी की जनता ने विकास की उम्मीद के साथ भाजपा को नगर निगम की सत्ता सौंपी थी, लेकिन महापौर और उपमहापौर जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्य दिखाई नहीं दिया। शहरवासियों को पेयजल, सड़क और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने मंडी की भोली-भाली जनता को केवल ठगने का काम किया है। पांच साल सत्ता में रहने के बावजूद शहर को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करवाई जा सकीं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि काम न करने वालों को जनता जवाब दे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए विक्रमादित्य सिंह ने दावा किया कि इस बार मंडी की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि शहर के समग्र विकास के लिए जनता कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

इस अवसर पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, कांग्रेस प्रत्याशी रेखा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। जनसभा के दौरान चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई।

इस खबर को शेयर करें