मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

वीबी जी-राम-जी मजदूर हित और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की नई पहचान: अनुराग सिंह ठाकुर

सार

हमीरपुर में कार्यक्रम के दौरान बोले भाजपा सांसद, कहा– गरीबों को राहत मिलती है तो कांग्रेस को तकलीफ होना उसकी पुरानी आदत

3 मिनट
वीबी जी-राम-जी मजदूर हित और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की नई पहचान: अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण), यानी वीबी जी-राम-जी को मजदूर हित और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

शुक्रवार को ऊना के लाल सिंही गांव स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के पीछे सरकार की मंशा गरीब कल्याण को पूरी तरह पारदर्शी बनाना और फर्जी जॉब कार्ड के सहारे गरीबों के हक के पैसे की हो रही बंदरबांट को पूरी तरह समाप्त करना है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब-जब गरीबों को राहत मिलती है, कांग्रेस आहत हो जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में सुधार करते हुए इसे विकसित भारत–जी राम जी परियोजना के रूप में लागू किया जा रहा है और भारतीय जनता पार्टी देशव्यापी अभियान के माध्यम से इसके लाभ ग्रामीण जनता तक पहुंचा रही है।

उन्होंने बताया कि नए प्रावधानों के तहत अब ग्रामीण मजदूरों को 100 के बजाय 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। पहले मजदूरी भुगतान के लिए 15 दिन की समयसीमा थी, लेकिन अब यह सुनिश्चित किया गया है कि मजदूरी सात दिनों के भीतर सीधे मजदूर के खाते में पहुंचे।

यदि भुगतान में देरी होती है, तो मजदूर को ब्याज सहित राशि दी जाएगी। साथ ही, नए स्वरूप में मजदूरों को खेती-किसानी के लिए भी पर्याप्त समय मिलेगा और योजना के अंतर्गत कार्यों का दायरा और विस्तृत किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास हो सके।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार के समय मनरेगा का अधिकतम बजट 33 हजार करोड़ रुपये रहा, जबकि भाजपा सरकार ने एक ही वर्ष में मनरेगा के लिए 1.11 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने मनरेगा के ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव लाने के उद्देश्य से विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025 प्रस्तुत किया है। यह कानून न केवल ग्रामीण परिवारों को अधिक दिनों के रोजगार की गारंटी देता है, बल्कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में भी सहायक सिद्ध होगा।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस केवल योजनाओं के नाम बदलने तक सीमित रही, जबकि मोदी सरकार ने कोविड काल में मजदूरों और ग्रामीण भारत के लिए खजाने खोल दिए।

मनरेगा के तहत एक लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर सीधे मजदूरों के खातों में भुगतान सुनिश्चित किया गया। जियोटैगिंग, बैंक खातों के माध्यम से सीधा भुगतान और साप्ताहिक भुगतान प्रणाली लागू कर बिचौलियों की भूमिका समाप्त की गई।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि विकसित भारत–जी राम जी विधेयक 2025 केवल रोजगार योजना नहीं, बल्कि रोजगार और आजीविका मिशन है, जो देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। इससे ग्रामीण परिवारों की आय सुरक्षा मजबूत होगी, गांवों में खपत बढ़ेगी और पंचायतों को अधिक अधिकार मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि यही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज्य का दर्शन है, जिसके मूल में आत्मनिर्भर और सशक्त गांवों की परिकल्पना निहित है।

इस खबर के विषय

  • Anurag Singh Thakur
  • rural economy
  • workers' welfare
  • Congress criticism
  • Hamirpur event
  • economic empowerment

इस खबर को शेयर करें