मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बिजली-पानी के लिए तरसा परिवार, महिला ने दी बच्चों संग आत्मदाह की चेतावनी

सार

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से एक हृदय विदारक मामला सामने आया है, जहां बुनियादी सुविधाओं के लिए एक परिवार को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं।

2 मिनट
बिजली-पानी के लिए तरसा परिवार, महिला ने दी बच्चों संग आत्मदाह की चेतावनी

ऊना

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से एक हृदय विदारक मामला सामने आया है, जहां बुनियादी सुविधाओं के लिए एक परिवार को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं। नगर परिषद संतोषगढ़ के वार्ड नंबर 5 की निवासी सुनीता देवी ने प्रशासन से न्याय न मिलने की सूरत में सपरिवार आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

सोमवार को सुनीता देवी अपने पति और दो मासूम बच्चों के साथ जिला मुख्यालय स्थित डीसी कार्यालय पहुंचीं और उपायुक्त जतिन लाल को अपनी आपबीती सुनाई।

पारिवारिक विवाद में बच्चों का भविष्य दांव पर

पीड़ित महिला का आरोप है कि आपसी पारिवारिक विवाद के चलते उनके जेठ और सास ने जबरन घर का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया है। पिछले दो महीनों से यह परिवार घोर अंधकार और पानी की किल्लत के बीच जीवन यापन कर रहा है।

बिजली न होने के कारण बच्चे रात के समय घर के बाहर स्ट्रीट लाइट के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं, जिससे उनकी सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। तपती गर्मी के बीच बिना पंखे और पानी के बच्चों का हाल बेहाल है।

परिवार को पड़ोसियों से पानी मांगकर गुजारा करना पड़ रहा है।सुनीता देवी का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों के चक्कर काटे, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

"न्याय नहीं मिला तो खत्म कर लेंगे जीवन"

भावुक और आक्रोशित सुनीता देवी ने डीसी ऊना के समक्ष स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द उनके घर की बिजली-पानी बहाल नहीं करवाई, तो वह अपने पूरे परिवार सहित आत्मदाह कर लेंगी। उन्होंने कहा कि दिहाड़ी-मजदूरी कर घर चलाने वाले उनके पति की मेहनत भी इन परिस्थितियों में नाकाफी साबित हो रही है।

प्रशासन ने लिया संज्ञान

मामले की गंभीरता और महिला की चेतावनी को देखते हुए उपायुक्त ऊना, जतिन लाल ने तुरंत हस्तक्षेप किया है। उन्होंने संबंधित एसडीएम और विभागीय अधिकारियों को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

इस खबर को शेयर करें