रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्टाफ कमी, स्वच्छता, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा; जल्द समाधान का दिया आश्वासन
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को रोगी कल्याण समिति (RKS) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की।
बैठक में अस्पताल में स्टाफ की कमी, स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, मरीजों की सुरक्षा और रेफर किए जाने वाले मरीजों के लिए एंबुलेंस सुविधा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्टाफ की कमी जल्द दूर करने का दिया भरोसा
बैठक के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस समस्या को प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा और जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
दो फुली लोडेड एंबुलेंस उपलब्ध करवाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने उपायुक्त ऊना को क्षेत्रीय अस्पताल के लिए दो फुली लोडेड एंबुलेंस उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल से अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किए जाने वाले मरीजों को समय पर सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलना बेहद जरूरी है। आपातकालीन सेवाओं में किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
स्वच्छता और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मुकेश अग्निहोत्री ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छ वातावरण मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए निजी वाहनों और एंबुलेंस के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा न आए।
हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगेगी लगाम
बैठक में क्षेत्रीय अस्पताल के साथ लगते राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से चलने वाले वाहनों का मुद्दा भी उठा। इस पर उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वाहनों की गति नियंत्रित करने से मरीजों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
RKS सदस्यों ने रखे जनहित से जुड़े सुझाव
बैठक में रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने अस्पताल की जरूरतों और जनहित से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे। उपमुख्यमंत्री ने सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, रोगी कल्याण समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube