20 लाख अभ्यर्थियों वाली परीक्षा में क्षेत्र की छात्राओं ने हासिल की सफलता, आर्यावर्त सोसाइटी ने मेधावियों को किया सम्मानित
देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में शामिल NEET UG 2026 में रामपुर-ननखड़ी क्षेत्र की पांच बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस परीक्षा में करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावियों के सम्मान में सोमवार को आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसाइटी की ओर से मिनी सचिवालय सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
नीट, जेईई और शिक्षा क्षेत्र के होनहारों को किया सम्मानित
समारोह की अध्यक्षता सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व हिमकोफेड अध्यक्ष कौल सिंह नेगी ने की।
कार्यक्रम के दौरान NEET UG 2026 परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली छात्राओं श्वेता (पुत्री नोखी राम), आयुषी (पुत्री रमेश अष्टू), अन्वेषा चौहान (पुत्री रंजीत चौहान), मिताली बिष्ट (पुत्री जय सिंह बिष्ट) और नाभिका जिंटा (पुत्री दीपन जिंटा) को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा JEE Mains में चयनित आर्यन अष्टू और बीए अंतिम वर्ष की परीक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली रामपुर पीजी कॉलेज की छात्रा नमिता को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कौल सिंह नेगी ने सभी मेधावियों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कौल सिंह नेगी ने कहा कि रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र की बेटियों ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
उन्होंने नीट परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों से डॉक्टर बनने के बाद ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है और स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की आवश्यकता है।
सोशल मीडिया के संतुलित इस्तेमाल की दी सलाह
कौल सिंह नेगी ने युवाओं को सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और पढ़ाई को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि रामपुर-ननखड़ी क्षेत्र की बेटियों ने अपनी मेहनत से देश और प्रदेश में क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर आर्यावर्त सोसाइटी के अध्यक्ष प्रदीप दड़ेल, सिग्मा स्कूल ऑफ साइंस के प्रधानाचार्य राकेश कुमार, दीवान लक्टू, पीयूष प्रार्थी, चुन्नी लाल रोष्टा, रविंद्र कायथान, अशोक कुमार, तिलक राज सहित शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube