सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन सेवाएं प्रभावित होने का दावा, मरीजों के निजी अस्पतालों पर निर्भर होने का लगाया आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन जैसी बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
'मरीज निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर'
नाहन स्थित भाजपा कार्यालय दीपकमल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों और रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड सेवाएं बंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन थिएटर भी प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो रहे हैं, जिससे मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे इलाज के लिए जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ऑर्थोपेडिक्स, सर्जरी और स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनी) विभाग में सामान्य ऑपरेशन के लिए भी 15-15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ रही है।
'बुनियादी ढांचे और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी'
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज के नए भवन का निर्माण नहीं होने से अस्पताल में बेड क्षमता नहीं बढ़ पा रही है और नए विभाग भी शुरू नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण यह संस्थान प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों की तुलना में पिछड़ता जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकारी क्षेत्र में डायलिसिस के लिए केवल चार बेड उपलब्ध हैं और हिमकेयर योजना के तहत मुफ्त डायलिसिस सुविधा बंद होने से गरीब मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब स्थिति गंभीर हो चुकी है और सरकार को तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो भाजपा जनता के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube