मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ऊना में गंदे पानी ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत, बदबू-मच्छरों के बीच जहरीले सांपों का भी खतरा

सार

ऊना जिला मुख्यालय में चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे के किनारे नाले में जमा गंदा पानी स्थानीय लोगों और दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। दुर्गंध, मक्खी-मच्छरों और जहरीले सांपों के खतरे से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

TV Incharge

2 मिनट
ऊना में गंदे पानी ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत, बदबू-मच्छरों के बीच जहरीले सांपों का भी खतरा

चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे किनारे नाले में लंबे समय से जमा है गंदा पानी, घरों में बैठना और खाना खाना हुआ मुश्किल; शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में रोष

जिला मुख्यालय ऊना में चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे के किनारे नाले में जमा गंदा पानी स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। लंबे समय से पानी की निकासी नहीं होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध के चलते लोगों का घरों में बैठना और खाना खाना तक मुश्किल हो गया है। वहीं, मक्खी-मच्छरों की भरमार और जहरीले सांपों की आवाजाही से लोगों में डर का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले में लंबे समय से गंदा पानी जमा होने के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। बदबू के चलते दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है और ग्राहक दुकानों पर आने से कतराने लगे हैं।

स्थानीय निवासी साहिल लूम्बा, सुरेंद्र कुमार और संतोष देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।

लोगों के अनुसार, नेशनल हाईवे के किनारे एक स्थान पर निजी भूमि में गंदा पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी पर हाईवे किनारे नाली का निर्माण कार्य बंद पड़ा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है।

बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है और गंदा पानी घरों के अंदर और बाहर तक फैल जाता है। जमा पानी के आसपास मक्खी-मच्छरों और सांपों की आवाजाही से बच्चों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी, नगर निगम और जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से गंदगी और दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। अब लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की गुहार लगाई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें