मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

तीन दिवसीय बरोट मेले का समापन, ज्योति कपूर ने की मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत

सार

गांधी जयंती के उपलक्ष्य में युवक मंडल बरोट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय मेले का समापन हो गया। समापन समारोह में भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के महासचिव ज्योति कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और मेले की आयोजन समिति को 31 हजार रुपये की राशि भेंट की।

TV Incharge

3 मिनट
तीन दिवसीय बरोट मेले का समापन, ज्योति कपूर ने की मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत

मेले को हिमाचल की प्राचीन संस्कृति और विरासत का प्रतीक बताया, नशे से दूर रहने और पर्यटन को बढ़ावा देने का किया आह्वान

पधर क्षेत्र के बरोट में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में युवक मंडल बरोट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मेले का धूमधाम से समापन हुआ। समापन समारोह में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश किसान मोर्चा के महासचिव ज्योति कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

मेला कमेटी और युवक मंडल के अध्यक्ष शनि ने मुख्य अतिथि ज्योति कपूर और उनके साथ आए लोगों का स्वागत किया। मेला कमेटी की ओर से ज्योति कपूर को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। ज्योति कपूर ने मेले में पहुंचे लोगों को बधाई दी और स्थानीय देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया।

अपने संबोधन में ज्योति कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश मेलों की गरिमा और विरासत के लिए जाना जाता है। मेले प्रदेश की प्राचीन संस्कृति की धरोहर हैं, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेलों में लोगों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए छोटे-छोटे प्रयास जरूरी हैं और युवक मंडल बरोट ने भी इसी दिशा में प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पहले के समय में जब क्षेत्र में सड़क और दूरसंचार जैसी सुविधाएं नहीं थीं, तब मेले एक-दूसरे से मिलने और जुड़ने का माध्यम हुआ करते थे।

ज्योति कपूर ने कहा कि आज भी चौहारघाटी में विकास की जरूरत है और युवा रोजगार के लिए बाहर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए स्थायी रोजगार को लेकर रणनीति बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने बरोट की पहचान बाहरी राज्यों और देशों तक होने की बात कहते हुए चौहारघाटी को पर्यटन की दृष्टि से और विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल में जय राम ठाकुर की सरकार के दौरान उन्हें योजना बोर्ड का सदस्य बनाया गया था। उस समय भी क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं पर काम किया गया था।

ज्योति कपूर ने युवा साथियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि घाटी में होने वाले छोटे-बड़े कार्यक्रमों में स्थानीय लोग उन्हें आमंत्रित करते हैं, जिसके लिए उन्होंने क्षेत्रवासियों का धन्यवाद किया।

समापन समारोह के दौरान ज्योति कपूर ने मेला कमेटी को अपनी ओर से 31 हजार रुपये की राशि भेंट की। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्थानीय महिला मंडलों को 2100-2100 रुपये और स्कूली छात्रों को 1100-1100 रुपये की नगद राशि प्रदान की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें