मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर में नातिन के जन्म पर नाना ने निकाली रथ यात्रा, बैंड-बाजे के साथ घर लाकर मनाई खुशी

सार

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में नातिन के जन्म पर नाना ने अनोखे अंदाज में खुशी मनाई। रिटायर्ड कानूनगो शेर सिंह अपनी नातिन श्रजीनिका को दूल्हे वाले रथ में बिठाकर बैंड-बाजे के साथ घर लाए। परिवार ने इस खुशी के मौके पर रथ यात्रा निकालकर बेटियों के जन्म का उत्सव मनाया।

TV Incharge

2 मिनट
हमीरपुर में नातिन के जन्म पर नाना ने निकाली रथ यात्रा, बैंड-बाजे के साथ घर लाकर मनाई खुशी

रिटायर्ड कानूनगो शेर सिंह ने नन्हीं श्रजीनिका का दूल्हे वाले रथ में किया स्वागत, बेटियों के जन्म पर खुशियां मनाने की दी मिसाल

हमीरपुर। एक समय था जब बेटियों के जन्म को बोझ समझा जाता था, लेकिन अब समाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक नाना ने अपनी नातिन के जन्म की खुशी अनोखे अंदाज में मनाई। उन्होंने नन्हीं परी को दूल्हे के लिए इस्तेमाल होने वाले भव्य रथ में बिठाकर बैंड-बाजे के साथ अपने घर लाया। परिवार के इस खास आयोजन को देखकर लोग भी हैरान रह गए।

मामला हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर 10, बायपास का है। यहां रिटायर्ड कानूनगो शेर सिंह के घर उनकी नातिन श्रजीनिका का स्वागत धूमधाम से किया गया। घर से कुछ दूरी पहले ही नाना-नानी और अन्य रिश्तेदार बैंड-बाजे के साथ रथ यात्रा में शामिल हुए।

इसके बाद नन्हीं श्रजीनिका को रथ में बिठाकर घर लाया गया। इस दौरान परिवार के छोटे बच्चे भी रथ में बैठे नजर आए और सभी ने खुशी के इन पलों को यादगार बनाया।

तीन साल पहले भी मनाया था ऐसा ही जश्न

शेर सिंह ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनकी बड़ी बेटी के घर भी बेटी का जन्म हुआ था। उस समय भी उन्होंने इसी तरह रथ में बिठाकर अपनी नातिन को पहली बार घर लाकर खुशी मनाई थी। उन्होंने कहा कि बेटियों के घर में आने से खुशियां बढ़ जाती हैं और आज के समय में बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं। इसी सोच के साथ परिवार में बेटी के जन्म पर उत्सव मनाया जाता है।

दूल्हे वाला रथ और बैंड-बाजा बना आकर्षण

नातिन को घर लाने के लिए शेर सिंह ने विशेष रूप से दूल्हे के लिए इस्तेमाल होने वाला रथ मंगवाया था। इसमें उनकी बेटी, दामाद और नातिन सवार हुए। बैंड-बाजे के साथ निकली इस सवारी ने आयोजन को खास बना दिया। परिवार ने नन्हीं श्रजीनिका का स्वागत कर बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाया और समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच रखने का संदेश दिया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • रथ यात्रा
  • बेटियों का जन्म
  • समाज में बदलाव
  • शेर सिंह
  • खुशियां
  • नातिन

इस खबर को शेयर करें