मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला विंटर कार्निवाल का होगा विस्तार, 25 से 31 दिसंबर तक संजौली-कसुम्पटी में भी सजेगा उत्सव

सार

राजधानी शिमला में 25 से 31 दिसंबर तक विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। इस बार कार्निवाल का विस्तार मालरोड और रिज से आगे संजौली और कसुम्पटी तक किया जा रहा है। नगर निगम ने आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हिमाचली और पहाड़ी कलाकारों को प्राथमिकता देने के साथ बॉलीवुड और पंजाबी कलाकारों के चयन में युवाओं से सुझाव लिए जाएंगे।

TV Incharge

2 मिनट
शिमला विंटर कार्निवाल का होगा विस्तार, 25 से 31 दिसंबर तक संजौली-कसुम्पटी में भी सजेगा उत्सव

मालरोड और रिज के अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी होंगी सांस्कृतिक गतिविधियां, हिमाचली कलाकारों को मिलेगा अधिक समय; बॉलीवुड-पंजाबी कलाकारों के चयन में युवाओं से लिए जाएंगे सुझाव

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में क्रिसमस और नए साल के जश्न को खास बनाने के लिए इस बार विंटर कार्निवाल का विस्तार किया जाएगा। 25 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में अब मालरोड और रिज के साथ संजौली और कसुम्पटी को भी शामिल किया जाएगा। नगर निगम ने कार्निवाल को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

विंटर कार्निवाल की तैयारियों को लेकर महापौर सुरेंद्र चौहान ने नगर निगम आयुक्त, संयुक्त आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पिछले वर्ष के आयोजन के अनुभवों और सामने आई कमियों की समीक्षा की गई। साथ ही इस बार बेहतर प्रबंधन और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि इस बार विंटर कार्निवाल का आयोजन केवल मालरोड और रिज तक सीमित नहीं रहेगा। इसका विस्तार संजौली और कसुम्पटी तक किया जाएगा। कसुम्पटी स्थित एसडीए कॉम्प्लेक्स की पार्किंग के ऊपरी फ्लोर पर स्टॉल और विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी, जबकि संजौली ग्राउंड में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाएंगे।

इससे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्सव की रौनक बढ़ेगी और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में आयोजन के लिए फंड जुटाने, स्टॉल और दुकानों के आवंटन, महानाटी सहित अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ अलग से बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा कर्मचारियों और पार्षदों की कमेटियां गठित कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

महापौर ने बताया कि इस बार विंटर कार्निवाल में हिमाचल और पहाड़ी कलाकारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें मंच पर पहले की तुलना में अधिक समय दिया जाएगा, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिल सके।

वहीं, बॉलीवुड और पंजाबी कलाकारों के चयन के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों के आधार पर लोगों की पसंद और उपलब्ध बजट को ध्यान में रखते हुए कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा।

इस बार नगर निगम का प्रयास है कि विंटर कार्निवाल को पूरे शिमला शहर का उत्सव बनाया जाए, ताकि पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों और कारोबारियों को भी इसका लाभ मिल सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें