मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बैकवर्ड लिंकेज पर शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार: यूपी और पंजाब से दबोचे दो मुख्य सप्लायर, टूट रहा नशा माफिया का नेटवर्क

सार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए शिमला पुलिस ने एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है।

2 मिनट
बैकवर्ड लिंकेज पर शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार: यूपी और पंजाब से दबोचे दो मुख्य सप्लायर, टूट रहा नशा माफिया का नेटवर्क

शिमला।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए शिमला पुलिस ने एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 'बैकवर्ड लिंकेज' (नशे के मुख्य स्रोत की जांच) के तहत कार्रवाई करते हुए केवल स्थानीय पेडलर्स तक सीमित न रहकर सीधे मुख्य सप्लायरों पर शिकंजा कसा है।

इस विशेष अभियान के तहत पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश और पंजाब में छापेमारी कर दो बड़े मुख्य सप्लायरों को सलाखों के पीछे धकेल दिया है। इस बड़ी कार्रवाई का विवरण देते हुए जिला शिमला के एएसपी (ASP) हेडक्वार्टर अभिषेक धीमान ने बताया कि अब पुलिस नशा बेचने वाले छोटे अपराधियों के साथ-साथ उनके आकाओं और मुख्य सप्लायरों को निशाना बना

रही है ताकि पूरे ड्रग्स नेटवर्क को जड़ से उखाड़ा जा सके।

रोहड़ू पुलिस की लखनऊ में रेड, कूरियर से आती थीं प्रतिबंधित गोलियां

पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज मुकदमा संख्या 37/26 (अधीन धारा 22, 29 एनडीपीएस एक्ट) के तहत पुलिस ने पहले सिद्धांत खागटा (निवासी रोहड़ू, शिमला) और गौरव कुमार (निवासी बिलासपुर) को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 'नाइट्रोसन-10' (Nitrosun-10) की 190 प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुई थीं।

जब पुलिस ने इस मामले में व्हाट्सएप चैट, सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) और वित्तीय लेन-देन की गहन तकनीकी जांच की, तो कड़ियां उत्तर प्रदेश के लखनऊ से जुड़ीं। यह प्रतिबंधित खेप कूरियर के जरिए शिमला भेजी जा रही थी।

इसके बाद रोहड़ू पुलिस की टीम ने 17 मई 2026 को लखनऊ में दबिश देकर मुख्य आरोपी अहमर ब्रिजास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लखनऊ में मेडिकल स्टोर चलाता है और वहीं से बिना किसी डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध सप्लाई पहाड़ी राज्य में कर रहा था।

सदर शिमला पुलिस का पंजाब में संयुक्त ऑपरेशन, 'चिट्टा' सप्लायर गिरफ्तार

इसी तरह के एक अन्य मामले में, पुलिस थाना सदर शिमला में 9 मई 2026 को दर्ज एफआईआर संख्या 49/2026 (अधीन धारा 21, 29 एनडीपीएस एक्ट) के तहत कार्रवाई की गई थी। इस मामले में पुलिस ने पंजाब निवासी निशान सिंह और गुरप्रीत सिंह को 10.300 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था।

एएसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि इन दोनों ही मामलों में आरोपियों के वित्तीय नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने साफ किया कि आने वाले दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ शिमला पुलिस की यह सख्त मुहिम और तेज होगी।

इस खबर को शेयर करें