मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला में गाड़ी का शीशा तोड़कर 15 लाख की चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

सार

शिमला के ढांडा के ऊपर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया गया है।

TV Incharge

2 मिनट
शिमला में गाड़ी का शीशा तोड़कर 15 लाख की चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

ढांडा के ऊपर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से लैपटॉप, मोबाइल, हार्ड डिस्क और घड़ी समेत सामान चोरी; सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मंडी से आरोपियों को पकड़ा

शिमला के ढांडा के ऊपर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर करीब 15 लाख रुपये का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना पश्चिम में दर्ज इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

मामला 19 सितंबर की रात का है। शिकायतकर्ता ने अपनी गाड़ी ढांडा के ऊपर सड़क किनारे पार्क की थी। अगली सुबह जब वह गाड़ी के पास पहुंचा तो उसके पिछले बाएं दरवाजे का शीशा टूटा हुआ मिला। गाड़ी की जांच करने पर अंदर रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, घड़ी समेत करीब 15 लाख रुपये कीमत का सामान गायब पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने 26 सितंबर को मंडी जिले की बल्ह तहसील निवासी 38 वर्षीय लेख राज को आईजीएमसी शिमला के समीप से गिरफ्तार किया। इसके बाद दूसरे आरोपी 29 वर्षीय जोध सिंह को 27 सितंबर को सुंदरनगर, मंडी से गिरफ्तार किया गया। जोध सिंह भी बल्ह तहसील का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

इस संबंध में पुलिस ने 20 सितंबर को धारा 305 बीएनएस के तहत अभियोग संख्या 192/2026 दर्ज किया था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ी जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें