दत्तनगर दुग्ध संयंत्र में भाजपा किसान मोर्चा ने सरकार और मिल्कफेड पर साधा निशाना, लंबित भुगतान, 20 लीटर कैपिंग और हॉलीडे व्यवस्था वापस लेने की उठाई मांग
रामपुर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भाजपा ने दत्तनगर दुग्ध संयंत्र के बाहर दूध उत्पादकों की लंबित मांगों को लेकर सरकार और मिल्कफेड के खिलाफ सांकेतिक जन-आक्रोश रैली निकाली।
रैली का नेतृत्व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष संजीव देष्टा ने किया, जबकि भाजपा नेता कौल नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में दूध उत्पादकों, किसान भाइयों-बहनों, मातृ शक्ति और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।
रैली को संबोधित करते हुए संजीव देष्टा ने कहा कि दूध उत्पादकों का करीब ढाई महीने का भुगतान अब तक लंबित है। जुलाई माह भी समाप्ति की ओर है, जिससे तीसरे महीने का भुगतान भी अटकने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान न मिलने से दूध उत्पादकों के लिए परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और मिल्कफेड ने जल्द समाधान नहीं किया तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन में शामिल सभी दूध उत्पादकों, मातृ शक्ति और किसान भाइयों-बहनों का समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता कौल नेगी ने कांग्रेस सरकार और मिल्कफेड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि दूध उत्पादकों के हितों की रक्षा करने के बजाय उन पर प्रति किसान 20 लीटर की कैपिंग, हॉलीडे व्यवस्था और भुगतान में लगातार देरी जैसी किसान विरोधी नीतियां थोपी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन फैसलों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों में भारी नाराजगी है। कई किसानों ने बैंक से ऋण लेकर अधिक संख्या में गायें खरीदी हैं ताकि दुग्ध उत्पादन से अपनी आजीविका मजबूत कर सकें, लेकिन भुगतान में देरी के कारण उन्हें बैंक की किस्तें, बच्चों की फीस,
इलाज और घरेलू खर्च पूरे करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं महीने में कुछ दिनों तक दूध संग्रह बंद रहने से उनकी आय भी प्रभावित हो रही है।
भाजपा नेताओं ने सरकार और मिल्कफेड से मांग की कि दूध उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा किसान हितैषी नीतियां लागू की जाएं, ताकि दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
रैली के दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने दत्तनगर दुग्ध संयंत्र के प्रबंधक से भी मुलाकात कर दूध उत्पादकों की समस्याएं उनके समक्ष रखीं। प्लांट प्रबंधक ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि 25 जुलाई तक लंबित दूध भुगतान जारी कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के प्रवक्ता शैलेन्द्र ठाकुर, जिला अध्यक्ष रोल्टा, भाजपा मंडलाध्यक्ष रामपुर एवं ननखड़ी सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और मातृ शक्ति मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube