डीसी जतिन लाल ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न
ऊना जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों प्रमुख पदों पर जीत दर्ज करते हुए अपना राजनीतिक वर्चस्व कायम रखा। बुधवार को जिला परिषद भवन के सभागार में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सर्वसम्मति के माहौल में संपन्न हुई।
अंबोटा वार्ड से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य पवन लंबड़दार को जिला परिषद का अध्यक्ष तथा अविनाश मेनन को उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। चुनाव के बाद उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जतिन लाल ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
निर्विरोध निर्वाचन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभागार में मौजूद जिला परिषद सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालियों की गूंज के बीच दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया।
डीसी जतिन लाल ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों का निर्वाचन निर्विरोध हुआ है। इसके साथ ही ऊना जिला परिषद का पूर्ण गठन भी संपन्न हो गया है।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी में हुआ शपथ ग्रहण
शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती तथा पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
समारोह के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का स्वागत किया तथा मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया।
ग्रामीण विकास को दी जाएगी प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष पवन लंबड़दार ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पंचायती राज संस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को गति देना होगी।
उन्होंने कहा कि सभी जिला परिषद सदस्यों को साथ लेकर विकास योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
उपाध्यक्ष अविनाश मेनन ने अपने निर्वाचन के लिए पार्टी नेतृत्व, जिला परिषद सदस्यों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube