डरोह में आयोजित अभिनंदन समारोह में विधायक विपिन सिंह परमार ने पंचायत प्रतिनिधियों को जनसेवा और केंद्र की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का दिया संदेश
जिला कांगड़ा की सुलह विधानसभा क्षेत्र के डरोह में भारतीय जनता पार्टी की ओर से नव-निर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधानों, उपप्रधानों, वार्ड पंचों और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा पंचायतों के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पंचायत चुनाव परिणामों को बताया भाजपा के पक्ष में जनादेश
विपिन परमार ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणामों को भाजपा के पक्ष में जनता का स्पष्ट समर्थन बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को बड़ी सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि 12 जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों में से 10 पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, जबकि प्रदेश की 91 ब्लॉक समितियों में 60 से अधिक स्थानों पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं।
सुलह क्षेत्र में भाजपा को मिला मजबूत समर्थन: परमार
विधायक ने कहा कि सुलह विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की 80 पंचायतों में लगभग 82 प्रतिशत पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच निर्वाचित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि थुरल-सुलह ब्लॉक के 20 वार्डों में से 18 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी रहे। उन्होंने सपना शर्मा, सूबेदार महिंदर सिंह और रीना कुमारी के निर्विरोध निर्वाचन तथा सुखदेव की जीत को संगठन की मजबूती का प्रमाण बताया।
ग्रामीण विकास और रोजगार पर जोर
विपिन परमार ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि चुनाव में मिली सफलता जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे पंचायतों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दें और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि ‘वीबी जी राम जी’ योजना के तहत महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, ई-लाइब्रेरी, सामुदायिक भवन, कृषि आधारित उद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन और फ्रूट प्रोसेसिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बीपीएल सूची और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में गरीब परिवारों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ग्राम सभाओं में पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी। परमार ने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा प्रदेश और देश में फिर मजबूत स्थिति में आएगी। उन्होंने अन्य दलों के कार्यकर्ताओं से भी भाजपा से जुड़ने की अपील की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube