39 पार्षदों की मौजूदगी में पूरी हुई चुनाव प्रक्रिया, कांग्रेस पार्षदों ने चुनाव से बनाई दूरी
प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा की जिला परिषद में भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। जिला परिषद सदस्य सीमा चौधरी को अध्यक्ष और अभिमन्यू को उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया सोमवार को डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। 30 मई को जिला परिषद चुनाव परिणाम आने के करीब 50 दिन बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव करवाए गए।
39 पार्षदों की मौजूदगी में पूरा हुआ कोरम
54 जिला पार्षदों वाली जिला परिषद कांगड़ा में चुनाव प्रक्रिया के लिए 36 पार्षदों की मौजूदगी जरूरी थी। चुनाव के दौरान 39 जिला पार्षद मौजूद रहे, जिसके चलते कोरम पूरा हुआ।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए केवल एक-एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। इस कारण चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी और दोनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
कांग्रेस पार्षदों ने बनाई दूरी
जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव से कांग्रेस पार्षदों ने दूरी बनाए रखी। वहीं भाजपा से जुड़े वरिष्ठ नेता चुनाव प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष सीमा चौधरी ने भाजपा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला की जनता की समस्याओं का समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। आने वाली चुनौतियों का सभी के सहयोग से मिलकर सामना किया जाएगा।
उन्होंने जिला परिषद के लिए उपलब्ध बजट प्रावधानों को विकास कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर लगाने की बात कही।
सभी पार्षद परिवार की तरह करेंगे काम: अभिमन्यू
नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अभिमन्यू कन्वर ने भाजपा और आजाद पार्षदों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जिला के सभी 54 जिला पार्षद एक परिवार की तरह मिलकर काम करेंगे और जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
सरकार के हथकंडे नहीं आए काम: सुधीर शर्मा
धर्मशाला विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि जिला कांगड़ा में भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव करवाने में देरी की गई, लेकिन सरकार के प्रयास सफल नहीं हुए।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 9 जिला परिषदों में भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं।
9 जिलों में भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष: विपिन परमार
भाजपा नेता और सुलह विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि जिला कांगड़ा में भाजपा ने निर्विरोध जीत दर्ज की है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के 10 जिलों में हुए जिला परिषद चुनावों में 9 जिलों में भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं, जबकि कांग्रेस केवल एक स्थान तक सीमित रही।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube