पवन काजल बोले- सरकार ने गारंटियां पूरी नहीं कीं, विक्रम ठाकुर ने हिमकेयर और बिजली बिलों समेत कई मुद्दों पर घेरा
गड़ा में भाजपा की मंडल बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और प्रदेश सरकार की कथित विफलताओं को जनता के बीच उठाने की रणनीति
पर मंथन किया गया। बैठक को कांगड़ा विधायक पवन काजल और जिला भाजपा प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर ने संबोधित किया।
कांगड़ा विधायक पवन काजल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने, रोजगार उपलब्ध करवाने, पांच वर्षों में पांच लाख नौकरियां देने, गोबर खरीद और स्टार्टअप जैसी कई गारंटियां दी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर भाजपा की ओर से धरना-प्रदर्शन भी किया गया।
पवन काजल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी 101 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाए जाएंगे। इस तरह कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में करीब 10,100 दीये जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक कार्यकाल के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र लंबे समय से पिछड़ा रहा है। पवन काजल ने कहा कि कांगड़ा की जनता ने उन्हें लगातार तीन बार अलग-अलग चुनाव चिन्हों पर जीत दिलाई है और अब क्षेत्र की जनता विकास के साथ सरकार में उचित हिस्सेदारी चाहती है।
उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांगड़ा की जनता तैयार है और इस बार क्षेत्र को सरकार में बड़ा पोर्टफोलियो मिलने की उम्मीद है।
भाजपा जिला प्रभारी विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत हर घर में दीया जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा केंद्र सरकार की योजनाओं से बने बड़े प्रोजेक्ट, पुल और अन्य विकास कार्यों के पास भी सामूहिक रूप से दीये जलाकर प्रधानमंत्री का आभार जताया जाएगा।
विक्रम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर पिछली सरकार की योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना बंद होने और सहारा योजना का पैसा नहीं मिलने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये देने की गारंटी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, सड़क, बेरोजगारी, महिलाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ सरकार की कमियों को विधानसभा में भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन मुद्दों को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
बिजली के बढ़े बिलों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की फीस में वृद्धि को लेकर पूछे गए सवाल पर विक्रम ठाकुर ने इसे गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि होटल और उद्योग क्षेत्र से यदि इस संबंध में प्रतिनिधित्व मिलता है तो भाजपा इस मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाएगी।
उन्होंने मीटरों के अधिक बिल और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की फीस में कई गुना वृद्धि का मामला मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की बात कही।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube