पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शिरकत की।
उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उनसे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ क्षेत्र के विकास में जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार की अगुवाई में जयराम ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं, लेकिन मौजूदा सरकार ने पंचायत चुनावों को टालने के हरसंभव प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही चुनाव संपन्न हो सके और इन चुनावों में जनता ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायत चुनाव भाजपा के संघर्ष और प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पंचायत प्रतिनिधियों को प्रधान पद पर देखना ही नहीं चाहते थे।
जयराम ठाकुर ने प्रदेश में विकास कार्यों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ‘तालाबंदी’ ही सुक्खू सरकार की गवर्नेंस का मुख्य मॉडल बन चुका है। चार साल का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन विकास के मामले में प्रदेश वहीं खड़ा है, जहां भाजपा सरकार इसे छोड़कर गई थी।
मुख्यमंत्री के हालिया दिल्ली दौरे पर तंज कसते हुए उन्होंने कांग्रेस के अंदरूनी हालात पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ मंत्री मुख्यमंत्री को हटाने और कुछ विधायक मंत्री बनने की कोशिश में दिल्ली गए थे, लेकिन कांग्रेस हाईकमान और राहुल गांधी ने उन्हें मिलने का समय तक नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बिना किसी संवैधानिक प्रक्रिया और औपचारिक चिट्ठी के जनसभाओं में मंत्री पद देने की घोषणाएं कर देते हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि एक साल से मंत्री बनने का इंतजार कर रहे विधायक इससे हताश हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि एक विधायक तो मुख्यमंत्री के आगे-पीछे घूमते-घूमते दुबला-पतला हो गया है।
2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी जिले ने 2017 और 2022 के चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन दिया था और 2027 में भी मंडी की सभी 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा में भी इस बार भाजपा के पक्ष में अच्छा माहौल है और पार्टी कम से कम 12 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने शिमला और हमीरपुर जिला परिषद चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले और संसदीय क्षेत्र में भी जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। उनके अनुसार, अब मुख्यमंत्री अपने लिए सुरक्षित सीट की तलाश कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के कब्जे को लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सत्ता के दम पर जनप्रतिनिधियों को डराने और धमकाने की कोशिश की, लेकिन जनता और प्रतिनिधियों ने सुक्खू सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दे दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के 13 विधायकों और पूर्व विधायकों के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं और अधिकारियों पर फर्जी मामले बनाने का दबाव डाला जा रहा है।
हिमकेयर योजना को लेकर सरकार पर निशाना
जयराम ठाकुर ने भाजपा सरकार के कार्यकाल की लोकप्रिय हिमकेयर योजना को लेकर भी सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना को बंद करने और बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री विधानसभा में 1100 करोड़ रुपये के घोटाले की बात करते रहे, जबकि योजना की शुरुआत से अब तक कुल 850 करोड़ रुपये ही खर्च हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री की ओर से 100 करोड़ रुपये की गड़बड़ी की बात कही जा रही है और पुलिस अधिकारियों को जांच में लगाया गया है। जयराम ठाकुर ने खुले मंच से मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिमकेयर योजना में कोई घोटाला हुआ है तो उसे साबित किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इस राजनीति से प्रेरित जांच की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार ने भी सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों से बिना किसी दबाव के ईमानदारी से जनसेवा करने और भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।
ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर मोदी सरकार की तारीफ
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भारत की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन ने विश्व पटल पर भारत के बढ़ते प्रभाव और प्रधानमंत्री के मजबूत वैश्विक नेतृत्व को एक बार फिर स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि भारत ने सम्मेलन के माध्यम से विकासशील देशों की आवाज को मजबूती से उठाया और वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में उनकी अधिक भागीदारी की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से सामने रखा। व्यापार, तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, आपूर्ति श्रृंखला और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में हुए प्रयास भारत के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब दुनिया की बदलती व्यवस्था में केवल अपनी भूमिका निभाने वाला देश नहीं, बल्कि वैश्विक एजेंडा तय करने और दुनिया को नई दिशा देने वाली प्रमुख शक्ति के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स में भारत की प्रभावी भूमिका प्रधानमंत्री मोदी के बढ़ते वैश्विक कद और विश्व समुदाय में भारत के बढ़ते प्रभाव का स्पष्ट प्रमाण है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube