हमीरपुर में पनयारी पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप, लड़की की मां के पेड़ से गिरने और जालंधर में इलाज की बताई थी कहानी
पुलिस थाना सदर हमीरपुर के तहत बेटे की सगाई और शादी करवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 1.35 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बुरनाड़ निवासी प्रेम चंद ने पुलिस को दी शिकायत में विवाह-शादियों में पनयारी का काम करने वाले बलबीर सिंह निवासी मड़ियाणा, सीयालकड़ (मझीण), कांगड़ा पर पैसे लेने और शादी नहीं करवाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार बलबीर सिंह ने प्रेम चंद को भरोसा दिलाया कि उसके इलाके में तीन-चार लड़कियां हैं और वह उनमें से एक के साथ प्रेम चंद के छोटे बेटे अशोक की शादी करवा देगा। शादी की बातचीत के लिए पैसे मांगे जाने पर प्रेम चंद के बड़े बेटे अश्वनी कुमार ने बलबीर के बताए प्रदीप ठाकुर के मोबाइल नंबर पर 20 हजार रुपये गूगल पे किए।
इसके बाद लड़की के परिवार को गरीब बताते हुए सगाई के कपड़े खरीदने के नाम पर भी 20 हजार रुपये भेजे गए। बलबीर ने इसके बाद लड़की वालों को घर लाने और सगाई व शादी की तारीख तय करने की बात कही।
परिवार लड़की वालों के आने का इंतजार करता रहा, लेकिन बाद में बलबीर ने बताया कि जिस लड़की से सगाई होनी थी, उसकी मां पेड़ से गिरकर घायल हो गई है और उसे इलाज के लिए जालंधर ले जाना पड़ेगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद बलबीर के कहने पर लड़की की मां के इलाज के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 10 हजार, 20 हजार, 30 हजार, 25 हजार और 10 हजार रुपये उसी मोबाइल नंबर पर गूगल पे किए गए। इस तरह शादी और इलाज के नाम पर कुल 1.35 लाख रुपये दिए गए।
बाद में प्रेम चंद ने जब इस संबंध में जानकारी जुटाई तो उसे कथित तौर पर पता चला कि लड़की की मां के पेड़ से गिरकर घायल होने और जालंधर में इलाज करवाने की बात सही नहीं थी। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बलबीर सिंह ने बेटे की शादी करवाने और लड़की की मां के इलाज का बहाना बनाकर उससे पैसे लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube