सोलन।
दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं के साथ हुई कार्रवाई के विरोध में बुधवार शाम सोलन में जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) तथा कांग्रेस के विभिन्न अग्रणी संगठनों ने संयुक्त रूप से मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि देश के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों, कांग्रेस नेताओं और सांसदों के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। साथ ही संसद में NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं पर चर्चा कराई जाए और नई दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर तथा अन्य मामले वापस लिए जाएं।
सुभाष बरमानी ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और छात्रों-युवाओं की आवाज़ उठाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।
मशाल जुलूस में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI, महिला कांग्रेस, सेवादल तथा कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर, कर्नल संजय शांडिल, राहुल ठाकुर, रमेश ठाकुर, बलदेव ठाकुर, मनीष ठाकुर, शमशेर सिंह, देवेंद्र शर्मा, गुरुदेव शर्मा, राजीव कौड़ा, मनीष भगनाल, विकास कल्ता, जतिन साहनी, अमरदीप कौशल, ऋतिक, समीक्षा ठाकुर, तमन्ना ठाकुर, मुस्कान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube