दोनों संगठनों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप, डीसी ऑफिस के बाहर हुई धक्कामुक्की के बाद स्थिति हुई सामान्य
राजधानी शिमला में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई। दोनों संगठनों के कार्यकर्ता अपने-अपने मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
जानकारी के अनुसार, एक ओर भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि दूसरी ओर एसएफआई कार्यकर्ता युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर धरने पर बैठे थे। इसी बीच नारेबाजी करते हुए कुछ एसएफआई कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर बढ़ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हल्की धक्कामुक्की हुई।
मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ समय बाद माहौल सामान्य हो गया और दोनों संगठनों ने अपने-अपने स्थान पर प्रदर्शन जारी रखा।
भाजपा ने SFI पर लगाए माहौल बिगाड़ने के आरोप
घटना के बाद भाजपा नेताओं ने एसएफआई कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा का कहना है कि पार्टी कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय के बाहर अनुमति लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।
भाजपा नेताओं के मुताबिक, एसएफआई कार्यकर्ता अचानक नारेबाजी करते हुए भाजपा के प्रदर्शन स्थल की ओर पहुंचे और माहौल खराब करने का प्रयास किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि एसएफआई के पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी और पुलिस को पहले ही स्थिति संभालनी चाहिए थी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी थी कि दोनों प्रदर्शनों के बीच दूरी बनाए रखी जाती, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
SFI ने भाजपा के आरोपों को बताया निराधार
वहीं एसएफआई ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए इसे गलत बताया। एसएफआई नेताओं का कहना है कि उनका आंदोलन छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर जारी है।
एसएफआई नेता विजेंद्र मेहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस देशभर में युवाओं की आवाज दबाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए किए जा रहे आंदोलनों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिमला में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। एसएफआई ने कहा कि वह छात्रों और युवाओं के अधिकारों को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी।
पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाकर स्थिति सामान्य कर दी। फिलहाल प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखी है। दोनों संगठनों ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube