हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर की ऊंची पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री नैना देवी मंदिर में गुरुवार सुबह से लगातार मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। तेज बारिश के कारण जहां श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं मंदिर परिसर के आसपास के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है।
श्रावण मास के चलते हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बावजूद इसके, रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश ने श्रद्धालुओं की आवाजाही और यात्रा को प्रभावित कर दिया है।
बारिश से बचने के लिए कई श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के आसपास स्थित दुकानों में शरण ली हुई है। वे मौसम सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकें।
उत्तर प्रदेश से दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु दंपति ने बताया कि सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि वे माता के दर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं ताकि सुरक्षित तरीके से अपने घर के लिए रवाना हो सकें।
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था बरकरार है और वे बारिश के बीच भी माता श्री नैना देवी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube