मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

राकेश जमवाल ने सुक्खू सरकार से मांगा चार साल का हिसाब, बोले- पहले अपने फैसलों पर श्वेतपत्र लाए कांग्रेस

सार

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पूर्व भाजपा सरकार के फैसलों की जांच और श्वेतपत्र जारी करने की घोषणा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल के फैसलों, पीटरहॉफ और वाइल्डफ्लावर हॉल समझौते, रोजगार, चुनावी गारंटियों और आपदा राहत खर्च का भी पूरा हिसाब जनता के सामने रखे।

TV Incharge

5 मिनट
राकेश जमवाल ने सुक्खू सरकार से मांगा चार साल का हिसाब, बोले- पहले अपने फैसलों पर श्वेतपत्र लाए कांग्रेस

पीटरहॉफ, वाइल्डफ्लावर हॉल समझौते, सरकारी संपत्तियों और रोजगार के मुद्दे पर भाजपा ने उठाए सवाल; 10 गारंटियों और आपदा राहत खर्च का भी मांगा पूरा ब्यौरा

हिमाचल प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के फैसलों की जांच और श्वेतपत्र जारी करने की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की घोषणा पर भाजपा ने पलटवार किया है।

भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि दूसरों पर श्वेतपत्र लाने से पहले कांग्रेस सरकार को अपने चार वर्षों के फैसलों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी सरकार के फैसलों की जांच हो सकती है और सार्वजनिक धन के इस्तेमाल का हिसाब देना हर सरकार की जिम्मेदारी है। जवाबदेही का सिद्धांत केवल पिछली सरकार तक सीमित नहीं होना चाहिए।

राकेश जमवाल ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि यदि पूर्व सरकार के फैसलों की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाई जा सकती है, तो वर्तमान सरकार के फैसलों की स्वतंत्र समीक्षा में क्या आपत्ति है।

उन्होंने मांग की कि जांच का दायरा, संबंधित दस्तावेज, समयसीमा और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की प्रक्रिया स्पष्ट की जाए। उन्होंने कहा कि श्वेतपत्र राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दस्तावेज नहीं, बल्कि तथ्यों, वित्तीय रिकॉर्ड, ऑडिट रिपोर्ट और जिम्मेदारी तय करने का माध्यम होना चाहिए।

पीटरहॉफ के पुनर्विकास और PPP मॉडल पर मांगा जवाब

राकेश जमवाल ने शिमला के ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ के भविष्य को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीटरहॉफ के पुनर्विकास और प्रस्तावित सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सरकार को बताना चाहिए कि परियोजना की कुल लागत कितनी है, इसका वित्तीय मॉडल क्या होगा और निजी भागीदार की भूमिका क्या रहेगी।

उन्होंने मांग की कि पीटरहॉफ से जुड़े मंत्रिमंडलीय फैसलों, टेंडर प्रक्रिया, तकनीकी मूल्यांकन, प्रस्तावित पुनर्निर्माण और संभावित राजस्व का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने यह भी पूछा कि मौजूदा भवन के आधुनिकीकरण और मरम्मत के विकल्पों का स्वतंत्र मूल्यांकन करवाया गया था या नहीं।

वाइल्डफ्लावर हॉल के 35 साल के समझौते पर उठाए सवाल

वाइल्डफ्लावर हॉल मामले को लेकर राकेश जमवाल ने कहा कि जिस कंपनी के साथ हिमाचल सरकार ने करीब 20 वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ी, उसी कंपनी के साथ कथित तौर पर 35 वर्षों का प्रॉफिट शेयरिंग आधारित समझौता किन परिस्थितियों में किया गया, इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि समझौते से पहले स्वतंत्र वित्तीय मूल्यांकन करवाया गया था या नहीं और क्या अन्य कंपनियों से प्रतिस्पर्धी प्रस्ताव आमंत्रित किए गए थे। सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि राज्य को मिलने वाली राजस्व हिस्सेदारी का निर्धारण किस आधार पर किया गया।

जमवाल ने समझौते की पूरी प्रति, कानूनी सलाह, वित्तीय मूल्यांकन और मंत्रिमंडल के फैसले का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन या अनुचित लाभ पहुंचाने की बात सामने आती है तो स्वतंत्र जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

पर्यटन निगम की संपत्तियों पर भी मांगा हिसाब

भाजपा विधायक ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम की संपत्तियों को निजी संचालन में देने संबंधी फैसलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि इन संपत्तियों की वर्तमान बाजार कीमत, वार्षिक आय, रखरखाव खर्च, प्रस्तावित निजी निवेश और सरकार को मिलने वाले संभावित राजस्व का ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक संपत्ति के वित्तीय मूल्यांकन, टेंडर प्रक्रिया, सलाहकार शुल्क और स्वीकृत शर्तों की जानकारी अलग-अलग उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।

एक लाख नौकरियों के वादे पर उपमुख्यमंत्री से मांगा जवाब

राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार के रोजगार संबंधी वादों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देने का वादा करने वाले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बताएं कि चार साल बाद भी युवा इंतजार क्यों कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले पांच लाख रोजगार के अवसर सृजित करने का वादा किया था। सरकार को अब तक उपलब्ध करवाए गए रोजगार का श्रेणीवार और विभागवार विवरण सार्वजनिक करना चाहिए। इसमें नियमित सरकारी नौकरियों, संविदा पदों, स्वरोजगार के अवसरों और लंबित भर्तियों की अलग-अलग जानकारी होनी चाहिए।

जमवाल ने कहा कि भर्ती विज्ञापनों में घोषित पदों, पूरी हुई चयन प्रक्रियाओं, जारी नियुक्ति पत्रों और वास्तव में कार्यभार ग्रहण करने वाले अभ्यर्थियों का विवरण भी सामने आना चाहिए। युवाओं को केवल घोषणाओं की संख्या नहीं, बल्कि वास्तविक नियुक्तियों का हिसाब जानने का अधिकार है।

कांग्रेस की दस गारंटियों पर अलग श्वेतपत्र जारी करने की मांग

राकेश जमवाल ने कांग्रेस की दस चुनावी गारंटियों को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता, पांच लाख रोजगार, स्टार्टअप सहायता, शिक्षा संबंधी घोषणाओं और बागवानों से किए गए वादों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत प्रगति रिपोर्ट जारी करनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि प्रत्येक गारंटी के तहत घोषित लक्ष्य, अब तक की उपलब्धि, लाभार्थियों की संख्या, बजट प्रावधान, वास्तविक खर्च और शेष कार्य पूरा करने की समयसीमा सार्वजनिक की जाए।

आपदा राहत और निर्माण कार्यों का ऑडिट करवाने की मांग

भाजपा विधायक ने प्रदेश में आपदा के बाद राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण पर खर्च की गई राशि का भी पारदर्शी ब्यौरा मांगा। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों, जारी धनराशि, ठेकेदारों, टेंडर प्रक्रिया, कार्य पूर्णता प्रमाणपत्रों और भुगतानों का विधानसभा क्षेत्रवार विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्य में फर्जी बिलिंग, नियमों के उल्लंघन या भुगतान संबंधी अनियमितता की शिकायत है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

बद्दी-नालागढ़ में औद्योगिक भूमि आवंटन पर भी मांगा ब्यौरा

राकेश जमवाल ने बद्दी और नालागढ़ क्षेत्र में औद्योगिक भूमि आवंटन को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इन मामलों में मूल आवंटन आदेश, औद्योगिक नीति, निर्धारित शर्तों, वास्तविक निवेश और प्रदेश को हुए आर्थिक लाभ या नुकसान का विवरण सामने आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जांच केवल आरोपों के आधार पर नहीं, बल्कि दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए। यही मानदंड वर्तमान सरकार के भूमि आवंटन, पर्यटन संपत्तियों के संचालन, खरीद और टेंडर संबंधी फैसलों पर भी लागू होना चाहिए।

अंत में राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा निष्पक्ष जांच के खिलाफ नहीं है, लेकिन जांच प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वसनीय होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि विधानसभा में ऐसा व्यापक श्वेतपत्र प्रस्तुत किया जाए, जिसमें पूर्व और वर्तमान दोनों सरकारों के प्रमुख वित्तीय एवं प्रशासनिक फैसलों का तथ्यात्मक विवरण हो।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को सरकारी धन, सार्वजनिक संपत्तियों, रोजगार और चुनावी वादों की वास्तविक स्थिति जानने का अधिकार है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें