मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

टंग नरवाणा बायोडायवर्सिटी पार्क की 90 लाख में नीलामी, एग्रीमेंट की प्रक्रिया बाकी

सार

कांगड़ा जिले के टंग नरवाणा स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क की करीब 90 लाख रुपये में नीलामी हुई है। एच-1 बिडर के साथ शिमला में एग्रीमेंट की प्रक्रिया बाकी है। पार्क में स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं होगी, जबकि टेंट गतिविधियों को लेकर विभाग विचार कर सकता है।

TV Incharge

2 मिनट
टंग नरवाणा बायोडायवर्सिटी पार्क की 90 लाख में नीलामी, एग्रीमेंट की प्रक्रिया बाकी

स्टेट इकोटूरिज्म सोसाइटी ने PPP मॉडल के तहत की नीलामी, पार्क में स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं; टेंट लगाने पर हो सकता है विचार

कांगड़ा जिले के धर्मशाला उपमंडल के अंतर्गत टंग नरवाणा स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क की स्टेट इकोटूरिज्म सोसाइटी ने करीब 90 लाख रुपये में नीलामी की है। करीब चार हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस पार्क को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा।

नीलामी में एच-1 बिडर ने करीब 90 लाख रुपये की बोली लगाई है। फिलहाल संबंधित बोलीदाता के साथ एग्रीमेंट की प्रक्रिया बाकी है, जिसे शिमला में पूरा किया जाएगा।

एग्रीमेंट के लिए मिलेंगे 90 दिन

नीलामी प्रक्रिया अंतिम चरण में है। संबंधित बोलीदाता को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने, फीस जमा करवाने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए 90 दिन यानी तीन महीने का समय दिया जाता है। फिलहाल बोलीदाता के पास प्रक्रिया पूरी करने के लिए पर्याप्त समय है। एग्रीमेंट होने के बाद पार्क के संचालन से जुड़ी आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

वर्किंग प्लान और मंत्रिमंडल से मिल चुकी है मंजूरी

विभाग ने बायोडायवर्सिटी पार्क की साइट को अपने वर्किंग प्लान में स्वीकृत करवाया है। इसके साथ ही प्रदेश मंत्रिमंडल से भी इस साइट के संचालन को मंजूरी मिल चुकी है। करीब चार हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह पार्क वर्ष 2019-2020 में बनकर तैयार हुआ था।

इसका निर्माण पर्यटन विभाग ने किया था। बाद में इसे वन विभाग को सौंप दिया गया। अब सरकार ने पार्क के संचालन की जिम्मेदारी वन विभाग को देने का निर्णय लिया है।

स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं होगी

नीलामी प्रक्रिया में पार्क में पहले से उपलब्ध ढांचे और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। विभाग के अनुसार, पार्क का संचालन वहां पहले से निर्मित ढांचे के अनुरूप ही किया जा सकेगा। बोलीदाता को पार्क में किसी भी तरह के स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि, टेंट आदि लगाने की अनुमति देने के संबंध में विभाग विचार कर सकता है।

पार्क को PPP मॉडल के तहत विकसित करने की योजना का उद्देश्य उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार इसका संचालन करना है। फिलहाल एग्रीमेंट और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही पार्क के संचालन की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें