मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पटियाला-संगरूर बाईपास पर भाखड़ा नहर का पुल टूटा, दो ट्रक धंसे, एक में लगी भीषण आग

सार

पटियाला-संगरूर बाईपास पर गांव पसियाना के पास भाखड़ा नहर पर बना पुल अचानक ढह गया। हादसे में दो ट्रक टूटे हिस्से में धंस गए, जबकि एक ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक ड्राइवर के मुताबिक, एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

TV Incharge

2 मिनट
पटियाला-संगरूर बाईपास पर भाखड़ा नहर का पुल टूटा, दो ट्रक धंसे, एक में लगी भीषण आग

गांव पसियाना के पास हुआ हादसा, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू; एक व्यक्ति के अस्पताल में भर्ती होने की ड्राइवर ने दी जानकारी

पटियाला-संगरूर बाईपास पर गांव पसियाना के पास भाखड़ा नहर पर बना पुल अचानक टूट गया। हादसे के दौरान पुल से गुजर रहे दो ट्रक टूटे हुए हिस्से में धंस गए। इनमें से एक ट्रक में भीषण आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, क्षतिग्रस्त ट्रकों को निकालने का अभियान शुरू कर दिया गया है।

ट्रक ड्राइवर ने बताई हादसे की आपबीती

घटना को लेकर ट्रक ड्राइवर राजवीर का बयान सामने आया है। उसने बताया कि वह मानसा जा रहा था, तभी पुल ढह गया और दो ट्रक गड्ढे में गिर गए। उसके मुताबिक, एक ट्रक मौके पर ही पूरी तरह तबाह हो गया। ड्राइवर ने यह भी कहा कि पुल थोड़ा हिल रहा था और अगर समय रहते इसे बंद कर दिया जाता, तो शायद हादसा टल सकता था।

राजवीर के अनुसार, पुलिस एक व्यक्ति को मौके से अस्पताल ले गई, जबकि बाकी किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, हादसे में किसी की मौत या घायल होने को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुल टूटने के कारणों की जांच का इंतजार

पुल किस वजह से टूटा, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे। पुल टूटने से बाईपास पर यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है। घटना के संबंध में प्रशासन की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें