मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पठानकोट नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार ने स्कूटी को मारी टक्कर; 7 घायल

सार

पठानकोट नेशनल हाईवे पर जोगिंद्रनगर के शानन प्रोजेक्ट के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार लोहे की रेलिंग से टकराकर हाईवे के बीच पलट गई। दुर्घटना में दो बच्चों समेत सात लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बच्ची को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

2 मिनट
पठानकोट नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार ने स्कूटी को मारी टक्कर; 7 घायल

जोगिंद्रनगर के शानन प्रोजेक्ट के पास तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार, सात वर्षीय बच्ची गंभीर, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर

मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में पठानकोट नेशनल हाईवे पर शानन प्रोजेक्ट के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार लोहे की रेलिंग से जा टकराई और हाईवे के बीचों-बीच पलट गई।

हादसे में दो बच्चों समेत कुल सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में हरियाणा के गुरुग्राम से आए पांच पर्यटक पायल, संजीव, मोहित बतलानी और रेनू वर्मा सहित एक बच्चा शामिल है। वहीं, छाणंग निवासी स्थानीय मां-बेटी भी हादसे की चपेट में आई हैं।

सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल

हादसे में स्कूटी सवार सात वर्षीय बच्ची सात्विकता को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं, उसकी मां बंदना को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

एयरबैग खुलने से बची पर्यटकों की जान

हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवार पर्यटकों की जान बच गई। दुर्घटना के बाद पठानकोट नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को हाईवे से हटाया और यातायात बहाल करवाया। थाना प्रभारी रणजीत कपूर ने बताया कि चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें