कुम्हारूईं में पैर फिसलने से हुआ हादसा, टांडा रेफर के बाद बाथरी के पास तोड़ा दम; मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
ग्राम पंचायत कुम्हारका के तहत आने वाले गांव कुम्हारूईं में दर्दनाक हादसे में 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बबली देवी उर्फ बॉबी पत्नी पवन कुमार निवासी गांव कुम्हारूईं, डाकघर उटीप के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बबली देवी बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे घास काटने गई थीं। इसी दौरान ढलान पर अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गईं। हादसे के बाद परिजन उन्हें करीब आधे घंटे के भीतर मेडिकल कॉलेज चम्बा लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार में काफी समय लगा। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
एंबुलेंस मिलने में देरी का आरोप
परिजनों के अनुसार रेफर किए जाने के बाद महिला को टांडा ले जाने के लिए करीब दो घंटे तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। उनका आरोप है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद कभी वाहन में टायर तो कभी तेल डलवाने की बात कहकर उन्हें इंतजार करवाया गया।
परिजनों का कहना है कि काफी जद्दोजहद के बाद महिला को टांडा के लिए ले जाया गया, लेकिन बाथरी के समीप रास्ते में उसकी तबीयत अत्यधिक बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस चम्बा लाने के लिए भी एंबुलेंस चालक द्वारा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए मना किए जाने का आरोप परिजनों ने लगाया है।
मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर परिजनों में रोष
परिजनों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली और एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर रोष जताया। उनका कहना है कि यदि समय पर उपचार और एंबुलेंस की सुविधा मिल जाती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, यह परिजनों का आरोप है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच भाजपा नेता एवं जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने उनके समक्ष भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
उधर, एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube