ऑल्टो कार की चेकिंग के दौरान बरामद हुआ नशा, आरोपियों के बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी पुलिस
हिमाचल पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत कांगड़ा जिला पुलिस की CIA टीम ने शाहपुर के पास एक ऑल्टो कार की चेकिंग के दौरान 67.62 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने कार में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार (36), निवासी शोकनी दा कोट, धर्मशाला, देवी सिंह, निवासी मझेड़ा, जिला चंबा और संदीप कौर, निवासी दुगवाला, तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस थाना शाहपुर में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस उनके संभावित बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है।
आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि इस वर्ष अब तक कांगड़ा जिला पुलिस ने NDPS के 113 मामले दर्ज किए हैं, जबकि करीब 244 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश के लोग शामिल हैं, जबकि पंजाब, जम्मू और दिल्ली क्षेत्र से जुड़े लोग भी पकड़े गए हैं।
उन्होंने बताया कि नशे के मामलों में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ PIT-NDPS के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय स्रोतों और पुलिस रिपोर्ट के माध्यम से ऐसे लोगों की जानकारी मिलती है, जो जमानत पर बाहर आने के बावजूद दोबारा नशे से जुड़े अपराधों में संलिप्त पाए जाते हैं।
ऐसे मामलों में नियमानुसार PIT-NDPS के तहत कार्रवाई की जा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube